पानीपत। शांति नगर में किराए के मकान में पत्नी आशा उर्फ रानी की गला घोटकर हत्या करने के बाद मनोज तंवर ने फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली थी। बुधवार को दंपती के शवों का पोस्टमार्टम हुआ, जिसके बाद आशंका जताई जा रही कि मनोज ने पत्नी की हत्या करने के एक दिन बाद आत्महत्या की है। इस आशंका की पुष्टि के लिए विसरा सुरक्षित रखा गया। जांच के बाद ही इसका पता चलेगा। पुलिस ने धारा 174 की कार्रवाई करते हुए शव परिजनों को सौंप दिए।
मॉडल टाउन थाना प्रभारी योगेश कुमार ने बताया कि आशंका है कि मनोज ने 19 जून की रात झगड़े के बाद पत्नी आशा उर्फ रानी की हत्या की और 20 जून को तीन पेज का सुसाइड नोट लिखकर खुद आत्महत्या कर ली। हालांकि इस बारे में पक्के तौर कुछ नहीं कहा जा सकता। डॉक्टर ने पोस्टमार्टम के बाद दोनों के विसरा जांच के लिए मधुबन लैब भेजा है। जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही पुष्टि हो पाएगी कि आशा और मनोज की मौत में कितने घंटों का अंतर रहा होगा। दोनों ही पक्ष किसी पर कोई कार्रवाई नहीं करवाना चाहते थे। इसके बाद मनोज के पिता के बयान पर पुलिस ने 174 की कार्रवाई की और शव उन्हें सौंप दिए।
यह था मामला:
गांव आसन कलां निवासी मनोज तंवर और सोनीपत के राजेंद्र नगर निवासी पत्नी आशा उर्फ रानी के शव मॉडल टाउन स्थित शांति नगर के मकान में मंगलवार की दोपहर 12 बजे मिले थे। मनोज फंदे पर लटका था, जबकि आशा का शव बेड पर पड़ा हुआ था। आशा के शव के पास ही में तीन पेज का सुसाइड नोट था, जो 20 जून को लिखा गया था। इसमें मनोज ने आशा पर पहले पति से संपर्क रखने और शादी से पहले बनाई गई उसकी वीडियो के जरिए ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया था।