पानीपत। पॉलिसी के 10 लाख रुपये दिलाने का झांसा देकर एकता बिहार कॉलोनी के एक बुजुर्ग से डेढ़ लाख रुपये ठग लिए गए। आरोपियों ने रकम एक खाते में डलवाई और फोन स्विच ऑफ कर लिया। बुजुर्ग ने बताया कि उसने रकम तीन प्रतिशत ब्याज पर उधार ली थी। बुजुर्ग की शिकायत पर चांदनीबाग थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
एकता विहार कॉलोनी निवासी राजेंद्र जैन ने बताया कि वह छोटा व्यापारी हैं। वर्ष 2008 में बिरला सन लाइफ से बीमा कराया था। 25 हजार रुपये किस्त थी। उन्होंने दो किस्त जमा कराई, लेकिन रिकॉर्ड में एक किस्त दिखाने पर उन्होंने वित्त मंत्रालय और फंड डिपार्टमेंट में शिकायत दी थी। राजेंद्र ने बताया कि उन्होंने वर्ष 2017 में जुर्माने और किस्त के डेढ़ लाख रुपये जमा कराए और लगातार किस्त भरते आ रहे थे। सात अप्रैल को कॉल आया।
कॉल करने वाले ने खुद को फंड डिपोर्टमेंट का एजेंट अजय शर्मा बताया। उसने बीमे की फाइल संख्या बताई तो उसके सही होने यकीन हो गया। इसके बाद उसने पॉलिसी के 10 लाख नौ हजार रुपये देने का झांसा दिया और कुछ चार्जेज के नाम पर सीए उमा के खाते में 1.46 लाख रुपये जमा करा लिए और फोन स्विच ऑफ कर लिया। इस संबंध में उन्होंने डिपार्टमेंट के ही कई लोगों से बात की, लेकिन अब किसी से संपर्क नहीं हो पा रहा है।
राजेंद्र जैन की शिकायत पर ठगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है, मामले की गहनता से जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी होगा उसे गिरफ्तार किया जाएगा।
- मंजीत सिंह, थाना प्रभारी, चांदनीबाग