पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार का हालचाल जानते परिवहन मंत्री अनिल विज। स्रोत : सोशल मीडिया
पानीपत। पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार को सड़क हादसे में दोनों घुटनों में चोट आई है। उनकी सिर और बाकी जांच रिपोर्ट सामान्य रही हैं। चिकित्सकों ने मंत्री को एक सप्ताह का रेस्ट दिया है। उनको शुक्रवार देर शाम को जिला नागरिक अस्पताल से छुट्टी कराने के बाद थर्मल पावर स्टेशन के रेस्ट हाउस में ले जाया गया है। शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा और इनेलो के प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा समेत भाजपा व अन्य दलों के वरिष्ठ नेता और आसपास के सरपंच उनका हालचाल जानने पहुंचे। पुलिस ने 24 घंटे बाद भी आरोपी कार चालक को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।
पंचायत मंत्री कृष्णलाल पंवार का काफिला शुक्रवार शाम को अंबाला से सोनीपत जाते समय जीटी रोड बाबरपुर नाले के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। उनको जिला नागरिक अस्पताल में लाया गया। चिकित्सकों ने सिर का सीटी स्कैन किया था। उनको शुक्रवार देर शाम को छुट्टी दे दी गई। शिक्षा मंत्री महीपाल ढांडा, मेयर कोमल सैनी, इनेलो प्रदेशाध्यक्ष रामपाल माजरा, इनेलो के युवा नेता डॉ. नवीन नैन भालसी, रणबीर देशवाल, ओलिंपियन नीरज चोपड़ा के चाचा भीम चोपड़ा, पूर्व विधायक रामकुमार कटवाल, पार्षद संजीव दहिया, भाजपा नेता देवेंद्र दत्ता, सज्जन सहरावत, किसान भवन प्रधान देवेंद्र जागलान, थर्मल के चीफ इंजीनियर सुरजभान, डॉ. सुखबीर सिंह सांगवान व एडवोकेट अजब सिंह तंवर, विभिन्न गांव के सरपंच, पूर्व सरपंच और विभिन्न संगठनों के पदाधिकारी पहुंचे। मंत्री के छोटे भाई रोहताश पंवार ने बताया कि दोनों घुटनों पर चोट आई हैं। बाएं घुटने का पहले ऑपरेशन कराया था। उस पर भी हादसे में चोट लगी है। बाकी रिपोर्ट सामान्य रही हैं। इसमें किसी प्रकार से घबराने की जरूरत नहीं है।
मंत्री के काफिले में टकराने के बाद कार को जब्त कर लिया है। आरोपी कार चालक को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
- दलबीर, प्रभारी, थाना पुलिस सेक्टर-13-17।