नागरिक अस्पताल में किया हंगामा, पोस्टमार्टम कराने से किया इन्कार पुलिस के आश्वासन पर 15 मिनट बाद हटे
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। नांगलखेड़ी गांव के राहुल की चाकू मारकर हत्या के मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज परिजनों ने वीरवार को जिला नागरिक अस्पताल में हंगामा किया। पोस्टमार्टम कराने से इन्कार करने के बाद परिजन अपराह्न करीब तीन बजे अस्पताल के बाहर जीटी रोड पर बैठ गए और जाम लगा दिया। करीब 15 मिनट तक लगे जाम से सड़क पर वाहनों की कतार लग गई। पुलिस के जल्द कार्रवाई के आश्वासन के बाद परिजन हटे।
राहुल के परिजन सुबह ही जिला नागरिक अस्पताल पहुंच गए थे। उन्होंने आरोपियों को तुरंत गिरफ्तार करने की मांग की और शवगृह के बाहर रोष जताया। परिजनों का कहना था कि मुख्य आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होने तक वे पोस्टमार्टम नहीं करवाएंगे। पुलिस कार्रवाई का इंतजार करने के बाद भी गिरफ्तारी नहीं होने पर वे जीटी रोड पर उतर आए।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। सेक्टर-29 थाना प्रभारी रोबिन ने परिजनों को समझाया और आरोपियों को जल्द गिरफ्तार करने का भरोसा दिया। इसके बाद परिजनों ने जाम खोल दिया।
पार्टी के बहाने घर से बुलाकर की थी हत्या
नांगलखेड़ी निवासी राकेश ने सेक्टर-29 थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कुछ दिन पहले उनके बेटे राहुल और आर्यन के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हुई थी। आर्यन ने राहुल को देख लेने की धमकी दी थी। बाद में आर्यन ने उनके घर आकर माफी मांग ली थी।
राकेश के अनुसार, 20 अक्तूबर को आर्यन अपने साथियों राकू, रिंकू और एक अन्य युवक के साथ उनके घर आया। वे पार्टी देने की बात कहकर राहुल को अपने साथ ले गए। शक होने पर वह आर्यन के कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने देखा कि आरोपियों ने राहुल को पकड़ रखा था। आरोप है कि आर्यन ने राहुल के पेट में चाकू घोंप दिया, जबकि अन्य साथी डंडों से हमला कर रहे थे। राहुल को निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां बुधवार शाम उसकी मौत हो गई।
सेक्टर-29 थाना प्रभारी रोबिन ने बताया कि परिजनों के बयान के आधार पर हत्या की धारा में प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
51