पानीपत। बार एसोसिएशन चुनाव में प्रधान पद के लिए त्रिकोणीय मुकाबला है। चुनाव के लिए महज चार दिन बाकी ऐसे में तीनों प्रत्याशी अपने-अपने चुनावी वायदे को लेकर मैदान में उतर रहे है और मतदाताओं से वोट मांग रहे है। सोमवार को निवर्तमान प्रधान अमित कादियान ने भी प्रेसवार्ता की और उन्होंने अपने कार्यकाल का लेखा-जोखा पेश किया। उन्होंने कहा कि पिछले साल की अपेक्षा उन्होंने अपने कार्यकाल में बेहतर कार्य किया और खाते में 31 लाख रुपये राशि छोड़ी है, जिससे वकीलों के हित में कार्य किए जाएंगे।
अमित कादियान ने कहा कि वह इस बार फिर मैदान में है, उसे हराने के लिए बार में कुछ प्रत्याशी उसकी छवि खराब कर रहे हैं। उसके बारे में अफवाह फैलाई जा रही है कि उन्होंने अपने कार्यकाल में कुछ नहीं किया। उन्होंने लेखा-जोखा पेश करते हुए बताया कि पिछली कार्यकारिणी से उन्हें 17.30 लाख रुपये खाते में मिले थे। चुनाव के बाद दोनों बिल्डिंग का 22 लाख रुपये बिल आया, जिसका उन्होंने भुगतान किया। वर्तमान समय में बार के खाते में 19.98 लाख रुपये बचे हुए है। इसके अलावा 11 लाख रुपये उन्हें लेने है। कुल उन्होंने अपने कार्यकाल में 31 लाख रुपये की राशि खाते में छोड़ी है। जो करीब पिछली कार्यकाल के मुकाबले 13 लाख रुपये से अधिक है। इसके अलावा 61 लाख रुपये की ग्रांट आई है, जिसमें सांसद फंड से 25 लाख रुपये, एमपी दीपेंद्र हुड्डा फंड से 21 लाख रुपये, एमएलए फंड से 15 लाख रुपये शामिल है। सांसद की तरफ से जो 25 लाख रुपये की ग्रांट आई है, उसका वकीलों के लिए पार्किंग का टेंडर लग चुका है, 20 दिसंबर को उसका कार्य शुरू हो जाएगा। पार्किंग में आईओसीएल के माध्यम से लाइटें लगवाकर एक सुरक्षित माहौल देने का प्रयास करेंगे।
अमित ने कहा कि 2022 में बिजली मीटर अलग लगवाने बाबत पूर्व प्रधान सुरेंद्र दूहन के बेहतर प्रयास किए। उनको आगे बढ़ाते हुए अप्रैल 2024 तक वकीलों को अलग मीटर दिलाने में वह कामयाब होंगे। उन्होंने कहा कि पांच वर्षों में बुक अपडेट नहीं हुई थी। वह उन्होंने अपडेट कराई। बार में पहले लाइब्रेरी थी, उसको उन्होंने पहले ई-लाइब्रेरी बदला। अब वह इसको जल्द डिजिटल लाइब्रेरी करेंगे, ताकि ऐप के माध्यम से साथी वकील घर बैठे ई-बुक पढ़ सकें।
उन्होंने कहा कि पानीपत बार एसोसिएशन में वकीलों की संख्या ज्यादा है, ऐसे में कई बार नए वकीलों के लिए बैठने की व्यवस्था नहीं होती। वे अपने प्रयासों से नए साथियों के लिए हाल की व्यवस्था करेंगे ताकि हॉल में बैठकर वह वे अपनी प्रेक्टिस का कार्य कर सकेंगे। अमित ने कहा कि वकीलों के लिए कैंटीन बनवाएंगे, ये हर साल हर प्रधान पद उम्मीदवार कहता आया है, लेकिन उन्होंने बार से बिना पैसा लिए अपने निजी पैसे से वकीलों के लिए कैंटीन बनवाई, जो सोमवार को शुरू हो गई है।