पानीपत। नव वर्ष की खुशी में 31 दिसंबर की रात डीजे की तेज आवाज में हुड़दंग बाजी कर रहे आरोपियों का पड़ोसियों ने विरोध किया तो आरोपियों ने उन पर हमला कर दिया। आरोपियों ने उनके साथ हुक्के की नली, रॉड, सरिया आदि से मारपीट की। मारपीट में परिवार के करीब चार लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायल परिवार ने चांदनीबाग थाना पुलिस को आरोपियों के खिलाफ शिकायत दी है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
खटीक बस्ती निवासी अनिल कुमार ने बताया कि 31 दिसंबर की रात करीब दस बजे वह अपने पिता अनिल, मां सुनीता और चाचा सुशील के साथ घर में थे। उनके मकान के सामने दुकान में छोटू, कल्लू, मोहित अपने साथियों के साथ दुकान में तेज आवाज में डीजे बजा रहे थे और शराब पीकर हुड़दंग बाजी कर रहे थे। उन्होंने मौके पर जाकर उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। परिवार के अन्य सदस्यों ने आकर समझाना चाहा तो आरोपियों गाली-गलौज शुरू कर दी। उन्होंने विरोध किया तो आरोपियों ने लोहे की रॉड और सरियों से मारपीट की। घटना में परिवार के चार लोग घायल हो गए। उन्होंने बचाव के लिए शोर मचाया तो भीड़ इकट्ठा हो गई। पकड़े जाने के डर से आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए।