पानीपत। गांवों में मूलभूत सुविधा उपलब्ध कराने की दिशा में काम शुरू कर दिया गया है। युवाओं के लिए गांव में 250 ओपन जिम खोले जाएंगे। इससे युवा स्वस्थ रहेंगे। इसके साथ ही गांवों में एक हजार तालाबों का जीर्णोद्धार किया जाएगा। साथ ही 6500 से ज्यादा गांवों में महिलाओं के लिए सांस्कृतिक केंद्रों की शुरुआत की जाएगी।
पंचायत विकास एवं खनन मंत्री कृष्ण लाल पवार ने इसको लेकर स्थानीय स्काईलार्क मोर्टल में अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार युवाओं को रोजगार देने के उदे्श्य से दिसंबर माह में पानीपत में ही मेगा रोजगार मेला आयोजित करेगी। इस मेले में बड़े-बड़े उद्योगपतियों को बुलाया जाएगा। इससे युवाओं को रोजगार मिलेगा। सरकार का उद्देश्य ज्यादा से ज्यादा युवाओं को इस काबिल बनना है ताकि वे अपने पैरों पर खड़े हो सकें। इसको लेकर प्रदेश के एक हजार गांव में लाइब्रेरी की सुविधा प्रदान की जाएगी।
बॉक्स
19 हजार तालाबों का होगा सुंदरीकरण
कृष्णलाल पंवार ने कहा कि प्रदेश में करीब 19 हजार तालाब हैं। पहले चरण में एक हजार तालाबों का सुंदरीकरण किया जाएगा। इसके लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने यह भी कहा कि तालाबों के साथ अच्छी बैठने की व्यवस्था की जाएगी। यहां तालाब का मॉडल बनाया जाएगा। एक हजार गांवों की फिरनियों को पक्का किया जाएगा व स्ट्रीट लाइट की विशेष व्यवस्था की जाएगी। गांव में भी शहरों जैसा माहौल बनाने की दिशा में काम किया जाएगा।