अंबाला। क्षेत्र में आई बाढ़ ने सभी के लिए परेशानी पैदा की है। सामुदायिक केंद्र में दो साल से चल रहा होम्योपैथिक अस्पताल भी इससे अछूता नहीं रहा। टांगरी नदी के उफान के कारण यहां गाद जमी हुई है। ऐसे में मरीजों को राहत देने के लिए रामपुर गांव के निकट राजकीय होम्योपैथिक अस्पताल की ओपीडी मुख्य रास्ते के मोड़ पर ही एक दुकान में शुरू कर दी गई है।
शुक्रवार को दुकान में ही काउंटर लगाकर मरीजों को दवाई दी गई। जलभराव के कारण गाद जमा होने से मरीजों को अस्पताल तक पहुंचना मुश्किल हो गया था। इसलिए 3 सितंबर से ही मरीजों को इस अस्पताल का लाभ नहीं मिल पा रहा था। मजबूरन मरीज वापस लौट रहे थे। जिला आयुर्वेदिक अधिकारी डॉ. शीशकांत ने बताया कि सफाई का काम तेजी से चल रहा है। टांगरी नदी का जलस्तर बढ़ने से पहले मिले अलर्ट के बाद बेड आदि जरूरी सामान और दवाइयां सुरक्षित स्थान पर रख दी गई थीं। इस कारण ज्यादा नुकसान नहीं हो पाया है। कुछ उपकरण मिट्टी में डूब गए थे और कमरों में गाद है उसे निकालने का काम किया जा रहा है।