पानीपत। आईटीआई में परिक्षा देती हुई छात्राएं।
- फोटो : Panipat
पानीपत। भारत कौशल प्रतियोगिता के तहत वीरवार को प्रदेशभर की जिला मुख्य आईटीआई में जोनल स्तरीय कौशल प्रतियोगिता में महज 25 अभ्यर्थियों ने परीक्षा दी। जिले में कुल 401 युवाओं ने आवेदन किया था लेकिन 377 परीक्षार्थी अनुपस्थित रहे। परीक्षा देने वालों में 17 ने सुबह और सात परीक्षार्थियों ने शाम की शिफ्ट में परीक्षा दी।
जोनल स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के लिए प्रदेश के 7228 युवाओं ने आवेदन किया था। जोनल स्तरीय कौशल प्रतियोगिता के लिए 29 कौशल निर्धारित किए गए थे। पहली शिफ्ट की परीक्षा सुबह 11 बजे शुरू होनी थी जिसके लिए सुबह साढे़ नौ बजे परीक्षा केंद्र पर पहुंचना सुनिश्चित किया गया था। कुछ विद्यार्थियों ने एक से अधिक कौशल में आवेदन किया था। प्रतियोगिता सही तरीके से करवाने के लिए आईटीआई के प्राचार्य को वीडियोग्राफी भी करवाने के आदेश दिए गए थे। हालांकि परीक्षार्थियों की संख्या बेहद कम रही।
भारत कौशल प्रतियोगिता हर तीन साल में आयोजित करवाई जाती है। इससे पहले यह प्रतियोगिता 2018 में आयोजित करवाई गई थी। वीरवार को आयोजित कौशल प्रतियोगिता में 50 बहुविकल्पीय प्रश्न पूछे गए।
- परीक्षा को लेकर तमाम व्यवस्था की गई थी। परीक्षा दो शिफ्ट में आयोजित की गई। कोरोना से बचाव के भी तमाम प्रबंध किए गए थे। प्रवेश के समय थर्मल स्केनिंग की व्यवस्था की गई थी। कौशल प्रतियोगिता में कुल परीक्षार्थियों 401 में से महज 24 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। - डॉ. कृष्ण कुमार, नोडल अधिकारी एवं प्राचार्य, राजकीय आईटीआई, पानीपत।