पानीपत। तहसील कैंप कट को अब वन-वे से टू-वे किया जा सकता है। इसके दोनों ओर काफी जगह है, जिससे रास्ता और भी चौड़ा हो सकता है। इन मसलों पर बुधवार को सांसद संजय भाटिया ने सड़क सुरक्षा सप्ताह से संबंधित बैठक की अध्यक्षता करते हुए अधिकारियों से चर्चा की।
उन्होंने कहा कि तहसील कैंप की ओर जाने वाले कट को वन-वे किया गया है, जबकि इसके नीचे दोनों ओर जगह होने के कारण यह चौड़ा किया जा सकता है। जो चौड़ा होने के बाद टू-वे भी हो सकता है। इस सुझाव पर उपायुक्त सुशील सारवान ने फौरी तौर पर कार्यवाही करते हुए एनएचएआई के अधिकारियों को निर्देश दिया कि उक्त जगह को तुरंत प्रभाव से चौड़ा कर इसके बीच में कम जगह घेरने वाला डिवाइडर बनाकर इसे टू-वे किया जाए।
सांसद ने कहा कि गोहाना चौक से पहले दिल्ली और करनाल दोनों तरफ यू-टर्न बनाए जा सकते हैं, जिससे गोहाना रोड पर लगने वाले जाम से निजात मिलेगी। सभी अधिकारी इस पर समन्वय स्थापित कर काम करें।
उन्होंने कहा कि जौध सचियार गुरुद्वारा से पहले जो यू-टर्न बनाए गए हैं, उनका फायदा मिला है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग पर बने ऊपरगामी पुल से एंट्री और एग्जिट प्वाइंट खुलवाना उनकी शुरू से ही प्राथमिकता रही है। इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। उन्होंने इसके लिए जिला प्रशासन की खुले मन से प्रशंसा की। कहा कि इनके बनने से शहर को बड़ा लाभ होगा।
इन पर भी की चर्चा
सांसद ने नए दुर्घटना संभावित क्षेत्रों कुराड़ सनौली रोड, डाहर बस स्टॉप और डाहर गांव, सेक्टर 29 से चौटाला रोड टी प्वाइंट, नजदीक टोल प्लाजा एनएच-44 और रोहतक गोहाना रोड़ ओवरब्रिज पर भी चर्चा कर इसे अगली बैठक में एजेंडा सहित प्रस्तुत करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि शहर में उत्तर प्रदेश से आवागमन करने वाले वाहनों के कारण जाम की स्थिति बन रही है। इनमें से जो वाहन अपनी मियाद पूरी कर चुके हैं, इन पर भी शिकंजा कसा जाए। कई बार इनके आपसी झगड़े के कारण यात्रियों को नुकसान उठाना पड़ता है।
विधायक ने ऑटो मार्केट को जगह देने का दिया सुझाव
इस दौरान पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने ऑटो मोबाइल सेक्टर के लिए जगह चिह्नि करने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा कि शहर में जगह-जगह ऑटो मोबाइल मार्केट हैं। अगर इन्हें जगह दे दी जाए तो सभी मार्केट एक जगह आ सकती हैं और भीड़ कम हो सकती है। बैठक में डीसी सुशील सारवान, एडीसी वीना हुड्डा, सचिव आरटीए डॉ. पूजा, एसडीएम वीरेंद्र ढुल, एसडीएम समालखा अश्वनी मलिक सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।