पानीपत। नगर निगम अब शहर की सभी स्ट्रीट लाइटों के लिए सेंट्रलाइज्ड सिस्टम बनाने जा रहा है। इससे शहर की सभीलाइटों को एक ही जगह से ऑन या ऑफ किया जा सकेगा। वहीं, शहर में लगीं सभी पुरानी लाइटों को बदला जाएगा। इनकी जगह नई ब्रांडेड एलईडी लाइटें लगाई जाएंगी। इस सिस्टम में आधुनिक तकनीक से उन लाइटों की भी मॉनिटरिंग की जा सकेगी, जो बंद हैं या खराब हो चुकी हैं। इससे निगम को बिजली के बिल में भी बचत होगी और मैनपावर का भी कम इस्तेमाल होगा।
खास बात यह है कि जो लाइटें नई लगाई जाएंगी, उनकी पांच साल की वारंटी और रखरखाव की जिम्मेदारी भी संबंधित एजेंसी की ही होगी। इस प्रोजेक्ट को सीसीएमएस का नाम दिया गया, जिसका मतलब सेंट्रलाइज्ड कंट्रोल एंड मॉनिटरिंग सिस्टम है। यानी सीसीएमएस अब स्ट्रीट लाइटों की हर समस्या का स्थायी समाधान होगा।
इसके लिए सीएम मनोहर लाल ने निकाय अधिकारियों के साथ बैठक भी की थी, जिसके बाद शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों को सेंट्रलाइज्ड सिस्टम बनाने के निर्देश दिए गए थे। बैठक में शहरी स्थानीय निकाय अधिकारियों के साथ बिजली निगम, पीडब्लयूडी और बीएंडआर के अधिकारी भी मौजूद थे।
अब शहरी स्थानीय निकाय की ओर से निर्देश जारी किए गए हैं कि मुख्यालय स्तर पर सीसीएमएस का एक कंट्रोल सेंटर भी बनाया जाएगा। यहीं से कमांड कंट्रोल के जरिए सभी सेंटर जोड़े जाएंगे। सीसीएमएस वायरलेस तकनीक पर काम करेगा। जो कमांड कंट्रोल के जरिये मॉनिटरिंग करेगा कि किस एरिया में कौन सी लाइट खराब है या किस लाइट को रिपयेर करने की आवश्यकता है। इसमें इंटीग्रेटेड कमांड कंट्रोल सिस्टम के जरिए पूरे लाइट सिस्टम को 24 घंटे तक कंट्रोल किया जा सकेगा।
...
शहर में 25 हजार से ज्यादा हैं लाइटें
इस समय शहर में नई और पुरानी मिलाकर 25 हजार से ज्यादा लाइटें लगी हैं। निगम क्षेत्र में आने वाले ग्रामीण और शहरी विधानसभा एरिया में हाल ही में 9800 नई ब्रांडेड लाइटें इंस्टॉल करवाई गईं। जबकि इससे पहले करीब 15 हजार पुरानी लाइटें भी लगी हैं। हालांकि इनमें से कुछ लाइटें खराब भी हैं लेकिन निगम इनको ठीक करवाने के लिए प्रयासरत है।
सरकार का निर्णय बेहतर
स्ट्रीट लाइटों को सेंट्रलाइज्ड करने का सरकार का निर्णय सराहनीय है। इसे लेकर पहले भी निकाय स्तर पर अधिकारियों से बातचीत की जा चुकी है। अब स्वयं सीएम इसे मॉनिटरिंग करेंगे। इससे शहर जगमग होगा और खर्च भी कम आएगा।
- दुष्यंत भट्ट, सीनियर डिप्टी मेयर, पानीपत।