पानीपत। एसडी पीजी कॉलेज में शनिवार को दो दिवसीय विकसित भारत युवा संसद 2025 की शुरूआत हुई। जिसमें युवाओं ने एक राष्ट्र एक चुनाव पर विचार व्यक्त किए। उन्होंने इसको देश की मजबूती के लिए जरूरी बताया। दो दिवसीय प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ 10 प्रतिभागियों को राज्य स्तर की प्रतियोगिता के लिए चुना जाएगा
मुख्यातिथि भाजपा की प्रदेश महामंत्री डॉ. अर्चना गुप्ता ने कहा कि लोकसभा और विधानसभा चुनाव अलग-अलग होने से चुनाव का खर्च बढ़ गया है और रामनाथ कोविद समिति के अनुसार यदि दोनों चुनाव एक साथ हों तो देश लगभग 50 प्रतिशत चुनाव खर्च बचाया जा सकता है। इस पैसे को देश के विकास पर खर्च किया जा सकता है। इस संबंध विपक्ष की शंकाएं बेमानी है। एक राष्ट्र एक चुनाव विकसित भारत की लक्ष्य प्राप्ति की महत्वपूर्ण आवश्यकता है।
भाजपा के जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने कहा कि बार-बार चुनाव होने से और सरकारें गिरने से लोगों का नेताओं पर से भी भरोसा उठा है। मेयर कोमल सैनी ने कहा कि भारत माता की जय बोलना ही हमारी असल पहचान है। प्रतिभागी निकिता, शौर्या गोयल, रोबिन और पायल ने कहा कि एक देश-एक चुनाव होने से देश मजबूत होगा। कार्यक्रम के समन्वयक डॉ. राकेश गर्ग और मंच संचालन डॉ. संतोष कुमारी ने किया।
प्राचार्य डॉ. अनुपम अरोड़ा ने बताया कि युवा संसद के पहले दिन पानीपत और सोनीपत जिले के 100 प्रतिभागियों ने अपने विचार रखे। कार्यक्रम के दूसरे दिन रविवार को टॉप 10 विजेताओं की घोषणा की जाएगी। ये राज्य स्तर की प्रतियोगिता में भाग लेंगे। फिर राज्य के तीन विजेता राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे। मुख्यातिथि के रूप में गजेंद्र सलूजा भी मौजूद रहे। इस अवसर पर करनाल के दयाल सिंह कॉलेज से सहायक प्रोफेसर डॉ. अनीता अग्रवाल, राजकीय महाविद्यालय पानीपत से सहायक प्रोफेसर डॉ. नरेश ढांडा और कैथल से आरकेएसडी कॉलेज से सहायक प्रोफेसर डॉ. अशोक अत्री, एसडी कॉलेज के प्रधान दिनेश गोयल, उप-प्रधान राजीव गर्ग, कोषाध्यक्ष विशाल गोयल उपस्थित रहे।