पानीपत। सेक्टर 13-17 में करनाल से जागरण में शामिल होने आई एक युवती की कार से चोरों ने एक लाख रुपये, सोने-चांदी के जेवर और मोबाइल समेत कई कीमती सामान चोरी कर लिए। चोरों ने बिना शीशा तोड़े ही कार से चोरी की इस वारदात को अंजाम दिया है। युवती ने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सेक्टर 13-17 थाना पुलिस को दी शिकायत में गांव कुंजपुरा, करनाल निवासी सोनिया वर्मा ने बताया कि शुक्रवार को वह पानीपत में आई थी। उसने समारोह स्थल के पास गाड़ी खड़ी की। उसने बैग गाड़ी में ही छोड़ दिया। गाड़ी की चाबी उसके भाई के पास थी। सुबह 4 बजे वह कार से मोबाइल लेने गई तो बैग नहीं मिला। चोरों ने बिना कार का लॉक व शीशा तोड़े उसे चुरा लिया। बैग में एक लाख रुपये, एक जोड़ी सोने के कान के टॉपस, एक जोड़ी चांदी की चुटकी, एक जोड़ी चांदी की पाजेब, दो मोबाइल, आईफोन ईयर, आईफोन चार्जर, आधार कार्ड, पैन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, चार बैंकों के डेबिट कार्ड, एक क्रेडिट कार्ड था। उसकी पुलिस से मांग है कि आरोपी का जल्द पता लगाकर उसका चोरी हुआ सामान बरामद किया जाए।