कोरोना वायरस लगातार जिले में लोगों का जीवन लील रहा है। अब तक कोरोना से 82 लोगों की मौत हो चुकी है। सितंबर महीने में कोरोना 30 लोगों की जिंदगी लील चुका है। बुधवार को भी कोरोना से डाबर कॉलोनी के 41 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। इनका एक निजी अस्पताल में इलाज चल रहा था। जन सेवा दल ने असंध रोड स्थित शिवपुरी में शव का अंतिम संस्कार किया। वहीं दूसरी ओर बुधवार को जिले में कोरोना के नए 66 के सामने आए हैं। जिनको स्वास्थ्य विभाग ने आइसोलेट कर दिया है। इनके संपर्क में आने वाले लोगों को ट्रेस किया जा रहा है। इसके अलावा बुधवार को 103 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। अब जिले में कोरोना के केस का आंकड़ा 7001 हो चुका है। आखिरी दो हजार केस मात्र 13 दिनों में सामने आए हैं।
पांच कर्मी निकले कोरोना पॉजिटिव, बैैंक हुआ बंद
चुलकाना स्थित इलाहाबाद बैंक के पांच कर्मियों सहित छह केस कोरोना पॉजिटिव मिलने से गांव में हड़कंप मच गया। वहीं एहतियात के तौर पर बैंक को बंद करा दिया गया। ताकि कोई और कोरोना की चपेट में न आए। स्वास्थ्य विभाग में तैनात हेल्थ निरीक्षक नरेश कुमार ने बताया कि सोमवार को विभाग की ओर से चुलकाना स्थित लकीसर बाबा मंदिर में टेस्ट कैंप लगाया गया था। जहां इलाहाबाद बैंक कर्मियों व ग्रामीणों को मिला 86 लोगों के रेपिड किट से कोरोना टेस्ट किये गए। मंगलवार को पांच बैंक कर्मियों व एक महिला की रिपोर्ट पॉजिटिव आई। पॉजिटिव में बैंक का केशियर, सिक्योरिटी गार्ड व अन्य बताए गए हैं।
यहां मिले कोरोना के नये रोगी
पॉजिटिव केसों में आजाद नगर, सावन पार्क, वरदान सोसाइटी, मॉडल टाउन, जवाहरनगर तहसील कैंप, यमुना एन्क्लेव, राजाखेड़ी, पंचवटी कॉलोनी, खटीक बस्ती, सनौली खुर्द, जाटल रोड, पड़ाव मोहल्ला, हरिसिंह चौंक, सेक्टर बारह, विद्यानंद कॉलोनी, विराट नगर, भाटिया कॉलोनी, सेक्टर 13-17, सिवाह, मतलौडा, सिंघपुरा, वधावाराम कॉलोनी, सुशांत सिटी, हरिबाग कॉलोनी, पटेल नगर, सेक्टर 18, एनएचबीसी, किशनपुरा, अग्रसैन कॉलोनी, मस्ताना चौंक, भगवती पार्क, आदर्श नगर, सलारगंज गेट, सिठाणा, देवीपुरी रोड, रिफाइनरी, बरसत रोड, इत्यादि से पॉजिटिव रिपोर्ट मिली है।
सिविल सर्जन डॉ. संतलाल वर्मा ने बताया बुधवार को 657 सैंपल लिए गए। अभी तक पानीपत में 1123 एक्टिव केस हैं। 5706 रिकवर हुए हैं। 90 केस अब तक अनट्रैस हैं।