पानीपत। समालखा थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपी कर्मबीर।
- फोटो : Panipat
समालखा। समालखा थाना पुलिस ने धर्मगढ़ निवासी जेसीबी ठेकेदार सतनाम की हत्या के मामले में फरार चल रहे एक आरोपी गांव जौरासी निवासी कर्मबीर पुत्र कर्ण सिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने गश्त के दौरान सूचना पर आरोपी कर्मबीर को जौरासी खास गांव के स्टेडिम के पास से पकड़ लिया। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी कर्मबीर को कोर्ट में पेश कर तीन दिन के रिमांड पर लिया है। पुलिस मामले में एक आरोपी गांव पावटी निवासी मनोज पुत्र हरिशचंद्र को पहले ही गिरफ्तार कर चुकी है।
समालखा पुलिस थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह ने बताया कि सतनाम जेसीबी मशीन से मिट्टी उठाने का काम करता है। सतनाम ने आरोपी मनोज पुत्र हरिसिंह को शेरा गांव में मिट्टी दिलवाई थी। सतनाम को मनोज से पैसे लेने थे। सतनाम जब भी मनोज से मिट्टी के बकाया पैसे मांगता था तो वह उसे जान से मारने की धमकी देता था। 15 अप्रैल को सुबह 11 बजे समालखा निवासी मनीष पुत्र बलवान हिसाब करवाने की बात कहकर सतनाम को अपने साथ ले गया था। दर्ज कराई रिपोर्ट के मुताबिक, रात को मनोज निवासी पावटी, मनीष निवासी समालखा व कर्मबीर निवासी जौरासी ने सतनाम की पीट पीटकर हत्या कर दी थी। आरोपी मनीष अब भी फरार चल रहा है।