लॉकडाउन में अवैध रूप से शराब बेचने के शक में शराब ठेकेदारों ने अलग-अलग क्षेत्र में दो वारदातों को अंजाम दिया। पहली वारदात किशनपुरा चौकी के सामने की है, जहां शराब ठेकेदारों ने नाक पर पिस्तौल की बट मारकर युवक को घायल कर दिया और जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। दूसरी वारदात भारत नगर की है, जहां छोटे भाई को छोड़कर घर लौट रहे कार सवार से दो युवकों ने पिस्तौल के बल पर दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये लूट लिए। दोनों की मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
पहली वारदात
विकास नगर निवासी सोनू मलिक ने बताया कि वह शराब बेचने का काम करता है। वह वीरवार को अपने दोस्त की बेटी के जन्मदिन के कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जा रहा था। जब वह किशनपुरा पुलिस चौकी के सामने से गुजर रहा था तो वहां पर फार्च्यूनर गाड़ी के पास तीन से चार युवक खड़े थे। एक युवक चौकी के अंदर गया था। वे सभी युवक शराब ठेकेदार हैं। उन्हें शक था कि लॉकडाउन में वह उनके क्षेत्र में शराब सप्लाई करता है। इसी शक में युवकों ने उसे रुकवाकर हमला कर दिया। एक युवक के पास पिस्तौल थी, जबकि दूसरे युवक के पास बंदूक थी। युवकों ने उसकी नाक पर पिस्तौल की बट मार दी। सोनू का कहना है कि इस दौरान चौकी इंचार्ज बाहर आया और पूरे मामले की वीडियो बनाई। आरोप है कि हमलावर तो भाग गए, लेकिन पुलिस ने उसे अपने पास बैठा लिया। सोनू ने बताया कि आरोपियों ने उस पर एक महीने पहले भी हमला किया था, जिसकी शिकायत उसने पुलिस को दी थी, लेकिन आरोपियों ने माफी मांग ली थी। जिसके बाद उनका समझौता हो गया था और उसने अपनी शिकायत वापस ले ली थी।
दूसरी वारदात
हरि नगर निवासी संजय ने बताया कि वह वीरवार देर शाम अपने छोटे भाई को भारत नगर में छोड़कर वापस आ रहा था। वह कार में सवार था। जब गैस गोदाम वाली गली में पहुंचा तो कार में सवार दो युवक सुनील और छोटा आए। जिन्होंने कार रुकवाई और शीशा खुलवाकर हाथापाई की और पिस्तौल के बल पर उससे दो मोबाइल फोन और 25 हजार रुपये लूट लिए। जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। संजय ने बताया कि पुलिस ने कुछ दिन पहले शराब के साथ उसे गिरफ्तार किया था, जिसके बाद उसने शराब बेचनी बंद कर दी थी। सुनील और छोटा गांव नारा निवासी शराब ठेकेदार चांद के साथ काम करते हैं। उन्होंने शराब बेचने के शक में उस पर हमला किया है। संजय ने बताया कि सुनील और छोटा को गाड़ी के पास आते देख उसने 100 नंबर पर कॉल किया था, फिर पुराना औद्योगिक थाना पुलिस को शिकायत दी।
दोनों ही मामलों में संबंधित थाना पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच शुरू कर दी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
-सतीश वत्स, डीएसपी मुख्यालय