पानीपत। हनुमान सभा दशहरा पर आधी रात तक डीजे बजा सकेंगे। प्रशासन ने इसमें कुछ ढील देने का फैसला लिया है। शहरी विधायक प्रमोद विज ने आगे आकर सभा पदाधिकारियों के साथ सोमवार को सीटीएम से मिलकर उनका समर्थन किया। साथ ही उपायुक्त को इसमें छूट देने का पत्र लिखा है। सभा पदाधिकारियों ने आवाज कम रखने का भरोसा दिया। प्रशासन ने गत दिनों डीजे रात 10 बजे तक बजाने का फैसला दिया था।
हनुमान सभाओं के पदाधिकारी सोमवार को जिला सचिवालय पहुंचे। वे जिला सचिवालय के परिसर में पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज से मिले। उन्होंने कहा कि दशहरा पर हनुमान स्वरूप शोभायात्रा निकालते हैं। रावण के पुतले का दहन कर शहरभर में फेरी निकालते हैं। यह वर्षों पुरानी परंपरा चल रही है।
प्रशासन ने दिए थे आदेश
एसडीएम पानीपत मनदीप सिंह ने 25 सितंबर को डीजे के नियमों का पालन करने के आदेश दिए थे। उन्होंने बताया था कि लाउडस्पीकर पर किसी भी प्रकार के अश्लील गाने बजाना पूर्णत: वर्जित होगा। इसके प्रयोग के समय किसी प्रकार से सड़क बंद नहीं होनी चाहिए। किसी भी धार्मिक स्थल के पास आवाज का स्तर कम से कम रखें। इसकी क्षमता 10 डीबी से अधिक नहीं होनी चाहिए। निर्धारित मानकों में औद्योगिक क्षेत्र में दिन के समय 75 डीबी और शाम को 70 डीबी, वाणिज्यिक क्षेत्र में दिन के समय 65 डीबी, शाम को 55 डीबी और आवासीय क्षेत्र में दिन के समय 55 डीबी व शाम को 45 डीबी क्षमता पर बजा सकते हैं। साइलेंस जोन, शैक्षणिक संस्थान व अस्पताल के पास लाउडस्पीकर बजाने की अनुमति नहीं होगी। रात्रि 10 से सुबह छह बजे तक लाउडस्पीकर का प्रयोग पूर्णत: वर्जित रहेगा।