माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। शहर को जाम से मुक्त करने के लिए ऑड-ईवन व्यवस्था लागू होने के दूसरे दिन ईवन नंबर के ई-रिक्शा और ऑटो ही सड़कों पर दौड़े। दूसरे दिन भी पुलिस ने सख्ती बरती। उल्लंघन करने वालों को समझाकर वापस भेज दिया। पहले दिन की तरह वाहनों के चालान नहीं किए। हालांकि, दिनभर बारिश होने के कारण कम ही संख्या में लोग घरों से बाहर निकले। जिस कारण शहर की सड़कों पर कहीं भी जाम की स्थिति नजर नहीं आई।
पुलिस ने सोमवार को ऑड-ईवन का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के 10 हजार से 17 हजार रुपये तक के चालान किए थे। जिससे ऑटो चालकों ने शहर विधायक कार्यालय पर हंगामा किया था। विधायक ने मामले का संज्ञान लिया और पुलिस को चालान करने से मना किया था। मंगलवार को इसका असर भी नजर आया। दूसरे दिन ईवन नंबर के ऑटो व ई-रिक्शा सड़कों पर आए। सुबह पुलिस भी सड़कों पर तैनात रही। लेकिन मंगलवार को उल्लंघन करने वाले वाहनों का पुलिस ने चालान नहीं किया और उन्हें समझाकर वापस भेज दिया।
ऑटो चालक बोले- रोजी रोटी का हुआ संकट
मंगलवार सुबह से बारिश थी। जिस कारण लोग भी कम संख्या में घर से बाहर आए। जिस कारण ऑटो चालकों को सवारी कम मिली। ऑटो चालक सचिन, अमित और सुनील ने बताया कि सोमवार को ऑड नंबर था, मंगलवार को बारिश आ गई अब बुधवार को फिर से ऑड नंबर आ जाएगा। जिस कारण उनके तीन दिन खाली चले गए। इस तरह से उनके सामने रोजी रोटी का संकट पैदा हो गया।
वर्जन :
मंगलवार को भी ऑड-ईवन का पालन कराया गया। जो लोग गलती से अपना वाहन लेकर आ गए थे उन्हें समझाकर वापस कर दिया। ऑड-ईवन होने से सड़क पर जाम की स्थिति नहीं बनी।
-सुरेश सैनी, डीएसपी यातायात