वार्ड 10 के सनौली रोड स्थित सब्जी मंडी शिफ्ट होने के बाद अब यहां करीब पौने दो एकड़ जमीन में अंतरराष्ट्रीय स्तर का इंडोर स्टेडियम बनने जा रहा है। इसको लेकर शहरी विधायक प्रमोद विज खेल निदेशक पंकज नैन से भी मिले हैं। मुलाकात में इस प्रोजेक्ट को जल्द ही अमलीजामा पहनाने का विचार विमर्श किया गया है।
अक्तूबर 2020 में आयोजित निगम सदन की बैठक में इस प्रस्ताव को सर्व सहमति से पास किया गया था। अब निगम अधिकारी जल्द ही इसकी डीपीआर तैयार करेंगे, इसके बाद बजट बनाकर फाइनल किया जाएगा। जिसके बाद टेंडर लगने के बाद इसके निर्माण कार्य का काम शुरू हो पाएगा।
पार्षद रविंद्र भाटिया ने बताया कि दो मंजिला भवन के आसपास के रेहड़ी-फडी संचालकों के लिए दुकान लगाने की जगह मिल सकेगी। भवन के बेसमेंट में कार पार्किंग बनाई जाएगी। जिसमें वार्ड नंबर 8, 9 व 10 के लोगों के लिए कार पार्क करने की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे निगम की आय के साधन भी बढ़ेंगे।
भवन में पार्किंग के साथ मार्केट भी होगी
ग्रांउड फ्लोर पर मार्केट व दुकानें बनाई जाएंगी। इससे लोगों के एक छत के नीचे मार्केट भी मिल सकेगी। अतिक्रमण जैसी समस्या से भी छुटकारा मिलेगा। वहीं पहली मंजिल पर इंटरनेशनल स्तर का इंडोर स्टेडियम भी बनेगा। इसमें शहर के सभी इंडोर गेम खेलने वाले बच्चे अभ्यास कर पाएंगे और राष्ट्रीय व अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शहर का नाम रोशन कर सकेंगे।