पानीपत। बिजली निगम की ओर से अब जिले के हर घर में स्मार्ट मीटरों को लगाने की तैयारी की जा रही है। वहीं, शहर की बात करें तो अब तक 45 प्रतिशत उपभोक्ताओं के यहां निगम स्मार्ट मीटर लगा चुका है। स्मार्ट फोन की तरह इस मीटर के उपभोक्ता बिजली उपयोग समेत अपने बिजली बिल को ऑनलाइन भर सकेंगे। शहर के 45 प्रतिशत से ज्यादा उपभोक्तओं के घरों में स्मार्ट मीटर लग चुका है। इससे उन्हें अब बिजली निगम में लाइन में लगकर बिजली बिल भरने से लेकर ज्यादा-कम रीडिंग आने की पूछताछ से भी छुटकारा मिलेगा। इसी तर्ज पर अब बिजली निगम जल्द से जल्द पूरे शहर में स्मार्ट मीटर लगाने का काम कर रहा है।
स्मार्ट मीटर के लिए कर सकते हैं ऑनलाइन आवेदन
स्मार्ट मीटर लगाने के लिए उपभोक्ता यूएचबीवीएन की वेबसाइट और एप डाउनलोड करके ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके साथ ही एप के माध्यम से उपभोक्ता अपनी रोजाना के बिजली खर्च को देख सकते हैं। अगर आप ज्यादा समय तक बिजली का भुगतान नहीं करते हैं तो अपने आप बिजली गुल हो जाएगी और बिल भरने के बाद बिजली ऑटोमेटिक आ जाएगी। स्मार्ट मीटर से जिले के उपभोक्ता को अब बार बार बिजली निगम के दफ्तर के चक्कर भी नहीं काटने पड़ेंगे। इसके साथ उपभोक्ता बिल भुगतान के लिए पोस्टपेड और प्री-पेड बिल का विकल्प तक चुन सकते हैं।
मॉडल टाउन में लगे हैं सबसे ज्यादा स्मार्ट मीटर
शहर में सबसे ज्यादा मॉडल टाउन क्षेत्र में 22,334 स्मार्ट लग चुके हैं। वहीं सिटी डिविजन में भी 21 हजार स्मार्ट मीटर लगाए जा चुके हैं। इसी के साथ सनौली सब डिविजन में भी 19 हजार स्मार्ट मीटर लगाए गए हैं।
निगम अधिकारियों का दावा है कि उनका लक्ष्य जिले में जल्द से जल्द 100 प्रतिशत स्मार्ट मीटर लगाए जाने का है। जिससे उपभोक्ताओं को बिल भरने से लेकर अपनी रीडिंग चेक करने में आसानी रहेगी। - एसएस ढ़ुल, एसई, बिजली निगम, पानीपत।