नोट: इसे भी लीड बना सकते हैं
-----
फोटो- 11 व 12
----
अब आई किशोरी की बारी, तीन जनवरी से टीका लगाने की तैयारी
उपायुक्त सुशील सारवान ने सिविल अस्पताल में सीएमओ के साथ की बैठक
माई सिटी रिपोर्टर
पानीपत। अब किशोरों को भी कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए टीका लगाने की तैयारी पूरी हो गई है। 15 से 18 आयु वर्ग (18 वर्ष की आयु पूरी नहीं होने चाहिए) के 1.10 लाख बच्चों को नए वर्ष में तीन जनवरी से टीका लगाया जाएगा। इन्हें कोवाक्सीन लगाई जाएगी, क्योंकि इसकी दूसरी डोल लगाने की अवधि भी कम है। ऐसे में बच्चों को दोनों डोज तेजी से लगाई जा सकेंगी। इसके साथ ही कोवाक्सीन लगाने पर बुखार एवं शरीर में दर्द होने की संभावना कम रहती है।
इसके साथ ही 10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मचारियों को प्रिकॉशनरी डोज (बूस्टर डोज) दी जाएगी, ताकि स्वास्थ्य कर्मचारियों को अधिक सुरक्षा प्रदान की जा सके। इस संबंध में बुधवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने सिविल अस्पताल में सीएमओ डॉ. जितेंद्र कादियान, डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. शशि गर्ग और टीकाकरण के नोडल अधिकारी डॉ. मनीष पाशी के साथ बैठक की। बैठक के बाद उपायुक्त ने सिविल अस्पताल का निरीक्षण भी किया। पीएमओ डॉ. संजीव ग्रोवर से सिविल अस्पताल में तैयारियों की रिपोर्ट ली। इस दौरान आईसीयू की सेवाएं भी जांची गई।
बनाए जाएंगे अलग टीकाकरण केंद्र
किशोरों के लिए स्वास्थ्य विभाग अलग टीकाकरण केंद्र बनाएगा। फिलहाल स्कूल एवं कॉलेजों में इसकी प्लानिंग है। हर केंद्र पर डॉक्टर एवं स्टाफ नर्सों की टीमें रहेंगी। टीकाकरण के लिए पंजीकरण शुरू हो चुका है। जिन पात्रों का जन्म 2007 में हुआ है और इस वक्त उनकी आयु 15 वर्ष है, उनका टीकाकरण होगा। इसके साथ ही वर्ष 2007 से पहले जन्म लेने वाले 18 वर्ष (18 वर्ष की आयु पूरी नहीं होने चाहिए) की उम्र तक के बच्चों का टीकाकरण होगा।
ऑक्सीजन प्लांट का किया गया निरीक्षण
उद्घाटन के ढाई महीने बाद भी ऑक्सीजन प्लांट की ट्रायल नहीं हो सका है। बुधवार को उपायुक्त सुशील सारवान ने ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सिविल सर्जन को जल्द से जल्द ट्रायल कराने के निर्देश दिए हैं।
सिविल सर्जन करेंगे आईएमए के साथ बैठक:
उपायुक्त सुशील सारवान ने सिविल सर्जन को निर्देश दिया हैं कि इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के साथ बैठक करें। निजी अस्पतालों की तैयारियों का जायजा लिया जाए। किस अस्पताल में कितने ऑक्सीजन एवं आईसीयू बेड हैं, इनकी रिपोर्ट तैयार की जाए।
कोविड लेकर सभी विभाग गंभीर: उपायुक्त
कोविड-19 को लेकर सभी विभाग गंभीर हैं। नगर निगम बिना मास्क वालों के चालान काटा जाएगा। स्वास्थ्य विभाग भी अलर्ट पर है। अब तीन जनवरी से 15-18 साल के पात्रों का टीकाकरण किया जाएगा। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग तैयारियों में जुटा है। - सुशील सारवान, उपायुक्त पानीपत।