पानीपत। औद्योगिक नगरी में आग ने लगातार दूसरे दिन तांडव मचाया। पानीपत रिफाइनरी रोड के नजदीक एचएसआईआईडी स्थित एक कारपेट फैक्टरी में रविवार शाम को आग लग गई। दमकलकर्मियों ने सात गाड़ियों की मदद से करीब तीन घंटे में आग पर काबू पाया। वहीं शनिवार को रिफाइनरी बाईपास पर अर्जुन नगर में वेस्ट के गोदाम व फैक्टरी में जानलेवा साबित आग रविवार को फिर भड़क गई। एचएसआईआईडीसी स्थित अंबाडी कारपेट फैक्टरी में रविवार की शाम करीब साढ़े पांच बजे आग लग गई। सूचना मिलते ही पानीपत स्थित दमकल विभाग के मुख्य केंद्र से गाड़ी पहुंची। तब तक फैक्टरी में आग फैल चुकी थी। दमकलकर्मियों ने सात गाड़ियों की मदद से करीब आठ बजे आग पर काबू पाया। कर्मियों को पानी नहीं मिलने पर दूसरी फैक्टरियों में लगे सबमर्सिबल का सहारा लेना पड़ा। दमकलकर्मी अमित ने बताया कि एचएसआईआईडीसी में दमकल का कोई केंद्र नहीं है।
हवा से गोदाम में भड़की आग ः रिफाइनरी बाईपास रोड पर अर्जुन नगर स्थित मोदित ट्रेडिंग कंपनी में रविवार सुबह करीब आठ बजे फिर आग भड़क गई। दमकल कर्मचारी सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे। यहां चार गाड़ियों की मदद से करीब 12 बजे तक आग पर काबू पाया। दमकलकर्मियों ने शेड को हटाकर कंबल और धागे में लगी आग पर काबू पाया। विदित है कि शनिवार दोपहर बाद करीब साढ़े तीन बजे उद्यमी दीपक गोयल की मोदित ट्रेडिंग कंपनी में आग लग गई थी। इसमें दीपक गोयल का चालक यूपी के मुजफ्फरनगर के खरड़ गांव का आशीष मलिक (27) जिंदा जल गया था।