पानीपत। हरियाणा में राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूलों और सीबीएसई के विद्यालयों में दाखिले की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। एडमिशन होने के बाद विद्यार्थी पहली कक्षा से मॉडल संस्कृति स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से पढ़ाई करेंगे। हालांकि आवेदन प्रक्रिया शुरू होते ही पोर्टल की समस्या भी आड़े आ रही है। पोर्टल न चलने से लोगों को आवेदन करने में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, स्कूलों में बनी असमंजस की स्थिति को दूर करते हुए जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट आदेश जारी कर दिए हैं कि स्कूलों को जो शेड्यूल जारी किया गया है उसी के अनुसार दाखिला प्रक्रिया होगी। इसके बाद ड्रॉ में नाम निकलने के बाद दाखिले दिए जाएंगे।
गौरतलब है कि छात्रों को बेहतर शिक्षा देने के लिए प्रदेशभर में मॉडल संस्कृति चलाए जा रहे हैं। इनमें दाखिले के लिए स्कूल शिक्षा निदेशालय की ओर से 31 मार्च को शेड्यूल जारी किया गया था, जिसके मुताबिक आवेदन की प्रक्रिया मंगलवार से शुरू हुई है लेकिन जिले के कुछ स्कूल दाखिले के लिए प्रवेश परीक्षा पहले ही करा चुके हैं। जिला शिक्षा विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि स्कूलों में ड्रॉ के आधार पर ही दाखिले होंगे।
- सीबीएसई की तर्ज पर होगी पढ़ाई
सीबीएसई की तर्ज पर सरकार ने अंग्रेजी माध्यम से स्कूलों में पढ़ाई कराने का निर्णय लिया है। इसके लिए राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ व प्राथमिक विद्यालय बनाए गए हैं। इनमें कक्षा पहली, छठी, नौंवी व 11वीं कक्षाओं में अंग्रेजी माध्यम से दाखिले होंगे। अन्य कक्षाओं में सीटें खाली रहने पर दाखिला दिया जाएगा। आदेशों में यह भी कहा गया है कि यदि विद्यालय प्रबंधन समिति दोहरी पारी में स्कूल को संचालित करने का निर्णय लेती है, तो ऐसे में उन्हें अतिरिक्त सेक्शन बनाने की अनुमति होगी।
- 25 अप्रैल तक आवेदन का मौका
दाखिला शेड्यूल के मुताबिक, अभिभावक स्कूलों में जाकर 25 अप्रैल तक दाखिले का फार्म जमा कर सकेंगे। आवेदन के लिए दाखिला फार्म स्कूल में ही नि:शुल्क मिलेगा। इसके बाद 26 अप्रैल को ड्रॉ निकाला जाएगा और जिन छात्रों का नाम सूची में शामिल होगा, उन्हें एक मई को दाखिले दिए जाएंगे। वहीं, सीट खाली रहने पर दो मई से दाखिले का दूसरा चरण शुरू किया जाएगा। इन स्कूलों में 1.80 लाख वार्षिक आय वाले परिवार के बच्चों को 20 फीसदी आरक्षण मिलेगा। दूसरी श्रेणियों में ही आदेशानुसार आरक्षण दिया जाएगा।
दाखिला फीस
कक्षा फीस
पहली से पांचवीं -500
छठी से 12वीं -1000
मासिक फीस
कक्षा फीस
पहली से तीसरी - 200
चौथी व पांचवीं - 250
छठी से आठवीं - 300
नौवीं व दसवीं - 400
11वीं व 12वीं - 500
- राजकीय मॉडल संस्कृति प्राइमरी व सीनियर सेकेंडरी स्कूलों में दाखिला प्रक्रिया शुरू हो चुकी है। आवेदन लेकर ड्रॉ के आधार पर दाखिले की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। जिन बच्चों को लिखित परीक्षा के आधार पर दाखिला मिल चुका है उनका भी नुकसान नहीं होगा। उन स्कूलों में सेक्शन बढ़ाकर ड्रॉ के आधार पर दाखिले लिए जाएंगे।
- रमेश कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।