पानीपत। जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय ने नियमितिकरण मामलों की समीक्षा के दौरान एक चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को कारण बताओ नोटिस जारी किया है। यह नोटिस राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय भंडारी में कार्यरत मीना देवी, पत्नी स्व. नेहरू सिंह को जारी किया गया है।
कार्यालय द्वारा गठित समिति ने 15 अप्रैल 2026 को नियमितिकरण मामलों की समीक्षा के दौरान व्यक्तिगत सुनवाई की। जांच में पाया गया कि स्व. नेहरू सिंह को वर्ष 2013 से नियमितिकरण का लाभ दिया गया, जबकि विभागीय नीति के अनुसार वे इसके पात्र नहीं थे।
विभाग के अनुसार, नेहरू सिंह ने 15 दिसंबर 2003 को पार्ट-टाइम कर्मचारी के रूप में सेवा ज्वाइन की थी, जबकि 11 नवंबर 2003 की नीति के तहत केवल 30 जून 2003 तक कार्यरत कर्मचारियों को ही नियमितिकरण का लाभ दिया जाना था। इसके बावजूद उन्हें लाभ दिए गए और उनकी मृत्यु के बाद उनकी पत्नी को भी संबंधित सुविधाएं प्रदान की गईं।
अब विभाग ने मीना देवी को 23 अप्रैल 2026 को सुबह 11 बजे समिति के समक्ष उपस्थित होकर अपना पक्ष रखने के निर्देश दिए हैं। साथ ही लिखित और मौखिक साक्ष्य प्रस्तुत करने को कहा गया है। निर्धारित तिथि पर उपस्थित न होने की स्थिति में विभाग द्वारा एकतरफा कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
वर्जन-
नियमितिकरण मामलों की समीक्षा पारदर्शिता के साथ की जा रही है। जहां भी नियमों के विपरीत लाभ दिए गए हैं, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। संबंधित कर्मचारी को अपना पक्ष रखने का पूरा अवसर दिया जा रहा है, ताकि निष्पक्ष निर्णय लिया जा सके।
- राकेश बूरा, जिला शिक्षा अधिकारी, पानीपत।