पानीपत। रिफाइनरी से तेल लेकर हिमाचल प्रदेश के लिए निकला टैंकर बीच रास्ते में पलट गया। ट्रांसपोर्ट कंपनी के मैनेजर ने टैंकर चालक और क्लीनर पर 11 लाख रुपये की कीमत का तेल चोरी कर टैंकर को पलटाने के आरोप लगाए। आरोप है कि चालक और क्लीनर ने पहले टैंकर से तेल चोरी किया, इसके बाद खाली टैंकर को पलटा दिया। सदर थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है।
अहर गांव के संदीप ने एसपी को दी शिकायत में बताया कि वह एक ट्रांसपोर्ट पर मैनेजर के पद पर तैनात हैं। उनकी कंपनी ने रिफाइनरी से तेल ढोने का टेंडर ले रखा है। करनाल के सदरपुर लालुपुरा निवासी पंकज राणा उनके यहां टैंकर चालक हैं। 23 मार्च को दिन में करीब ढाई बजे पंकज राणा और क्लीनर अरुण तेल से लदा टैंकर लेकर रिफाइनरी से हिमाचल प्रदेश के पोंटा साहिब के लिए निकले थे। दिन में दो बजे पानीपत से निकलने के बाद रात को आठ बजे वह हिमाचल प्रदेश पहुंच गए थे। इसके बाद उन्हें सूचना मिली कि नैना टीकर के पास टैंकर पलट गया है। जिससे गाड़ी में काफी नुकसान हुआ। जब वह मौके पर पहुंच और देखा कि गाड़ी का टैंकर पूरी तरह से सुरक्षित था, लेकिन टैंक के अंदर से तेल गायब था। उन्हें शक है कि आरोपियों ने मिलकर पहले तेल बेच दिया और इसके बाद खाली टैंकर को जानबूझकर पलटा दिया।
संदीप का कहना है कि आरोपी पंकज काफी समय से एडवांस पेमेंट के लिए दबाव बना रहा था। एडवांस पैसे न देने पर सबक सिखाने की धमकी दे चुका था। उन्हें शक है कि पहले टैंकर का तेल चोरी किया गया। इसके बाद खाली टैंकर को पलटा दिया गया है। टैंकर में करीब 11.02 लाख रुपये का तेल था। एसपी के आदेश के बाद सदर थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की तफ्तीश की जा रही है। सदर थाना प्रभारी गुलशन ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है। जो भी तथ्य सामने आएंगे उसी के आधार पर आगे की उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।