कोरोना महामारी की दूसरी लहर में बढ़ते संक्रमण के बीच जहां 12वीं की वार्षिक परीक्षाएं स्थगित की गई हैं, वहीं परीक्षार्थियों में परीक्षाओं के आयोजन को लेकर संशय बना हुआ है। एक ओर सोशल मीडिया पर भी परीक्षाएं रद्द करने की मांग उठाई जा रही है। वहीं सुप्रीम कोर्ट में भी परीक्षा रद्द करवाने के लिए याचिका दी हुई है। वहीं, जून के प्रथम सप्ताह में सीबीएसई बोर्ड अधिकारियों की बैठक संभावित है, जिसमें परीक्षाओं के आयोजन को लेकर निर्णय लिया जाएगा। शिक्षा विशेषज्ञों का कहना है कि विद्यार्थियों को अपनी परीक्षा की तैयारी रखनी चाहिए, ताकि परीक्षा होने की स्थिति में वे बेहतर तरीके से अपनी परीक्षा दे सकें। बोर्ड का कहना है कि परीक्षा के बारे में विद्यार्थियों को 15 दिन बता दिया जाएगा।
परीक्षाओं के संशय पर मंथन करेंगे बोर्ड अधिकारी
सीबीएसई बोर्ड ने पहले कहा था कि एग्जाम डेट पर निर्णय जून के पहले सप्ताह में लिया जाएगा, लेकिन संक्रमण के बेकाबू हालातों को देखते हुए अभी एग्जाम डेट पर फैसला लेना संभव नहीं है। शिक्षा मंत्रालय ने भी इस संबंध में कोई जानकारी नहीं दी है और अभी एग्जाम पर विचार जारी है। सूत्रों के अनुसार अधिकारी इस बात पर विचार करेंगे कि क्या परीक्षाएं रद्द करना संभव है, यदि नहीं, तो सुरक्षित तरीके से कैसे ऑफलाइन एग्जाम आयोजित किए जाएंगे।
सीबीएसई की वेबसाइट पर नजर रखें विद्यार्थी
विशेषज्ञों के अनुसार 12वीं की परीक्षाएं होंगी या नहीं, इसकी जानकारी अभी नहीं है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे अपनी परीक्षाओं की तैयारी रखें। जो छात्र इस वर्ष परीक्षा में शामिल होने वाले हैं, वे किसी भी अपडेट के लिए सीबीएसई बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट अथवा आधिकारिक सोशल मीडिया अकाउंट पर नजर बनाकर रखें। जानकारी केवल आधिकारिक प्लेटफॉर्म से ही रिलीज की जाएगी।
सीबीएसई बोर्ड की तरफ से परीक्षा रद्द करने या एग्जाम डेट की जानकारी का कोई अपडेट जारी नहीं किया गया है। परीक्षाएं रद्द करने की मांग को लेकर सुप्रीम कोर्ट में याचिका भी दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए 12वीं की बोर्ड परीक्षा रद्द करने के आदेश दिए जाएं। वहीं, जून के पहले सप्ताह में बोर्ड अधिकारियों की बैठक संभावित है। मामले पर फैसला आने के बाद ही परीक्षाओं की तस्वीर साफ हो सकेगी।
- बिजेंद्र मान, चेयरमैन, सर छोटू राम स्कूल, विकास नगर, पानीपत।