पानीपत। औद्योगिक सेक्टर-29 थाना क्षेत्र के एनएफएल विकासनगर के पास झोपड़ी से एक माह की बच्ची के अपहरण के बाद खलबली मची हुई है।
पुलिस की चार टीमें लगातार बची की तलाश करने में जुटी हैं। आस-पास की कॉलोनी और हाइवे पर लगे 300 से अधिक सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई। लेकिन अभी तक बच्ची का कोई सुराग नहीं लगा।
पुलिस को आशंका है कि कहीं झोपड़ी से कोई आवारा कुत्ता बच्ची को उठा ले गया हो। सोमवार की रात को औद्योगिक सेक्टर-29 क्षेत्र में विकास नगर के पास झोपड़ी से एक माह की बच्ची का अपहरण हो गया था। मूल रूप से बिहार के नालंदा जिले के पथरौरा निवासी बलराम कुमार ने बताया कि वह पानीपत के विकास नगर में झोपड़ी में रहकर मजदूरी करता है।
सोमवार रात को उसकी दो बेटियां झोपड़ी के अंदर तख्त पर सो रही थीं। जहां से एक माह की बच्ची का कोई अपहरण कर ले गया था। इसका मुकदमा औद्योगिक सेक्टर-29 थाने में दर्ज कराया गया था। उधर, कार्यकारी थाना प्रभारी ने बताया कि बच्ची का कोई सुराग नहीं लग पाया है। उसकी तलाश में टीम लगी हुई है।