पानीपत/इसराना। पानीपत के सिवाह गांव के पास दिल्ली पैरलल नगर में डूबे असंध के राइस मिल कारोबारी मुरारी लाल गोयल का दूसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस ने एसडीआरएफ के गोताखोरों की मदद से दिनभर सर्च अभियान चलाया। पानीपत से लेकर सोनीपत तक उनकी तलाश की गई, लेकिन कोई सफलता हाथ नहीं लगी। उधर, परिजनों ने कारोबारी की पत्नी कमलेश के शव का पोस्टमार्टम कराने से भी इंकार कर दिया। असंध की गीता कॉलोनी निवासी कारोबारी मुरारी लाल गोयल अपनी पत्नी कमलेश के साथ पानीपत के सिवाह गांव के पास दिल्ली पैरलल नहर पर पहुंचे थे। जहां पर अपनी स्कूटी खड़ी कर दोनों ने चप्पल उतारकर स्कूटी पर रख दी थी। इसके बाद दोनों संदिग्ध हालत में नहर में दिल्ली पैरलल नहर में डूब गए थे। राहगीरों की सूचना पर थाना इसराना पुलिस ने दमकल विभाग के गोताखोरों की मदद से दोनों की नहर में तलाश की थी। करीब पांच घंटे के बाद सोमवार दोपहर को कारोबारी की पत्नी कमलेश के शव को सोनीपत के सरढ़ाना गांव के पास से बरामद कर लिया था।
लेकिन मुरारी लाल गोयल का कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस टीम ने मंगलवार को भी उनकी तलाश में सर्च ऑपरेशन चलाया। पुलिस ने पानीपत से लेकर सोनीपत की खुबडू झाल और उससे आगे तक नहर में सर्च अभियान चलाया। लेकिन, मंगलवार देर शाम तक भी उनका कोई पता नहीं चल सका।
परिजनों ने पोस्टमार्टम से किया मना : कारोबारी मुरारी लाल ही पत्नी का शव सोमवार दोपहर को बरामद कर लिया गया था। पुलिस ने शव को नागरिक अस्पताल के शवगृह में रखवा दिया था। पुलिस ने उनके बेटे गौरव के बयान दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए कहा। लेकिन परिजनों ने इससे इंकार कर दिया। परिजनों का कहना है कि मुरारी लाल का पता लगने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो