पानीपत। रेलवे रोड के साथ लगते ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में बिजली की सप्लाई पिछले 48 घंटों से नहीं है, जो कि अब रविवार सुबह दस बजे के बाद चालू होने की संभावना बनी है। हालांकि निगम अधिकारी यहां की सप्लाई दूसरे फीडरों से जोड़ने की तैयारी कर रहे हैं। जिससे उन पर भी ओवरलोड का संकट बन सकता है।
माल गोदाम फीडर से जुड़े ताऊ देवी लाल कॉम्प्लेक्स में 11 केवी की लाइन आती है। जो शुक्रवार सुबह आई बारिश की वजह से टूट गई। शुक्रवार से लेकर शनिवार शाम तक निगम कर्मचारियों ने इसे रिपेयर कर बदल तो दिया लेकिन इसके बाद भी लाइट चालू नहीं हो सकी। बाद में पड़ताल करने पर पता चला कि जिस ट्रांसफार्मर से लाइट आती है वह डैमेज हो चुका है। इसके लिए अब प्राइवेट एजेंसी के कर्मचारियों को बुलाया जाएगा। शनिवार रात तक भी यहां लाइट चालू नहीं हो सकी। जिससे देवी लाल कॉम्प्लेक्स की करीब 25 दुकानों में लाइट बाधित रही। दुकानदार शुक्रवार को तो इनवर्टर बैटरी के सहारे बैठे रहे लेकिन शनिवार को उनके इनवर्टर भी जवाब दे गए। निगम कर्मचारियों ने कहा कि अब इसकी सप्लाई रविवार को चालू करने की योजना है।