पानीपत। थाना मॉडल टाउन क्षेत्र अंतर्गत राजनगर में किराये के मकान में रह रहे मामा ने भांजे आसिम (20) की गर्दन पर चाकू से वार कर हत्या कर दी। हत्या के बाद आरोपी भाग गया। पड़ोसियों ने बताया कि छत पर आसिम को लहूलुहान हालत में देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। मृतक की मां की शिकायत पर हत्यारोपी मामा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस की एक टीम आरोपी को गिरफ्तार करने के लिए दबिश दे रही है।
मूल रूप से बिहार के मोतिहारी जिले की रहने वाली गुलनाज ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसके तीन बच्चे, दो बेटे और एक बेटी है। बड़ा बेटा आसिम अंसारी तीन साल से पानीपत में अपने मामा मोहम्मद अशरफ अंसारी के साथ किराये के मकान में रह रहा था। दोनों एक ही कमरे में रहकर फ्रीज कवर सिलाई का काम करते थे। दोनों में आपस में छोटी-छोटी बात पर लड़ाई होती थी। कई बार परिवार वालों ने दोनों को समझाया था। शनिवार रात को करीब 11 बजे दोनों ने शराब पार्टी की। इसके बाद उनके बीच किसी बात पर कहासुनी हो गई।
बात इतनी बढ़ी कि मामला हाथापाई तक पहुंच गया। इसके बाद आसिम कमरे से निकलकर छत पर चला गया। पीछे-पीछे अशरफ भी चाकू लेकर छत पर पहुंच गया और आसिम की गर्दन पर वार करने शुरू कर दिए। घायल को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।