पानीपत। हरियाणा राज्य की स्थापना की 60वीं वर्षगांठ पर शनिवार को जिला सचिवालय सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
उन्होंने कहा कि राज्य सरकार ने उद्योगपतियों के लिए निवेश के अनुकूल वातावरण तैयार किया है और सड़कों का जाल बिछाकर हर जिले को विकास की मुख्यधारा से जोड़ा है। प्रदेश 2047 तक विकास के मामले में देश का नंबर वन राज्य बनेगा। इस दौरान जिलेभर से आए स्कूली बच्चों और विद्यार्थियों ने अपनी शानदार प्रस्तुति दी। उन्होंने रंग-बिरंगी वेशभूषा, हरियाणवी लोकनृत्य, देशभक्ति गीतों ने मन मोह लिया।
इस अवसर पर विधायक प्रमोद विज ने कहा कि हरियाणा देश के अग्रणी राज्यों में शुमार है। उद्योग, शिक्षा, खेल और कृषि समेत हर क्षेत्र में प्रदेश ने उल्लेखनीय उपलब्धियां हासिल की हैं। उपायुक्त डॉ. वीरेंद्र कुमार दहिया ने कहा कि हरियाणा का इतिहास गौरवशाली रहा है। उन्होंने याद दिलाया कि इसी धरती से भगवान श्रीकृष्ण ने गीता का संदेश दिया। जो मानवता का शाश्वत मार्गदर्शन करता है। इस मौके पर मेयर कोमल सैनी, भाजपा जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट, हरपाल ढांडा, एसडीएम मनदीप कुमार, एसडीएम इसराना नवदीप नैन, सीएमओ डॉ. विजय मलिक, निगम आयुक्त डॉ. पंकज और पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र सिंह, डीडीपीओ राजेश शर्मा, डीएफएसओ दिव्या, जीएम रोडवेज विक्रम, मुख्य इंजीनियर राजकुमार व डिप्टी डीईओ मनीष गुप्ता उपस्थित रहे। कूड़ा रिक्शा को किया रवाना : विधायक प्रमोद विज ने जिला सचिवालय से करीब 60 कूड़ा डालने वाली रिक्शाओं को झंडी दिखाकर रवाना किया। निगम आयुक्त डॉ. पंकज यादव ने कहा कि प्रशासन सफाई के लिए गंभीर है। शहर में जगह-जगह डस्टबिन रखवाए जा रहे हैं। विधायक की तरफ से भी 500 डस्टबिन अलग से लगवाने का प्रयास किया जा रहा है।