समालखा। नगरपालिका द्वारा शुक्रवार को शहर के प्रमुख बाजारों में अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया। इसकी अगुवाई जेई गौरव कुमार व एसआई विकास नरवाल ननेकी। इस दौरान पुलिस बल भी मौके पर मौजूद रहा। कार्रवाई के दौरान दुकानदारों की अधिकारियों के साथ सामान उठाने को लेकर नोक झोंक भी हुई। वहीं एक दुकानदार ने तो अपनी ही दुकान में आग लगाने की धमकी दे दी।
पिछले दिनों नगरपालिका द्वारा शहर में बने नालों से अतिक्रमण हटाने की मुनादी करवाई थी लेकिन उस पर किसी तरह का अमल नहीं किया गया। शुक्रवार को रेलवे स्टेशन की तरफ से कार्रवाई शुरू करते हुए नपा कर्मचारियों ने रोड पर अतिक्रमण के लिए रखे हुए सामान को ट्रैक्टर-ट्राली में डालना शुरू कर दिया। इस दौरान जहां कुछ दुकानदारों ने नपा कर्मियों के साथ विवाद किया तो कुछ ट्राली से भी सामान वापिस निकालने का प्रयास करते हुए नजर आए। इस दौरान पुलिस का असहयोगात्मक रवैया रहा। नपा अधिकारियों के जाते हुए दुकानदारों व रेहड़ी वालों द्वारा फिर से अतिक्रमण कर लिया।
दुकानदार ने दी धमकी-
नपा कर्मियों की ओर से अतिक्रमण हटाए जाने की सूचना पाकर काफी दुकानदारों ने अपना सामान अंदर रख लिया। वहीं जलेबी बनाने वाला एक दुकानदार नपा कर्मियों से बहस करता नजर आया। उसने धमकी दी कि अगर मेरा सामान उठाया तो गैस की पाइप निकालकर दुकान में आग लगा लेगा। वहीं एक दुकानदार ट्राॅली से सामान बाहर निकालने का प्रयास करता नजर आया। इस दौरान पुलिस मूक दर्शक ही बनी रही।
भाजपा के स्थानीय नेता चहेतों को बचाते नजर आए- नगरपालिका की कार्रवाई के दौरान कुछ स्थानीय जो स्वयं को भाजपा नेता कहते हैं वहां पर नजर आए। कर्मचारियों के पहुंचने से पहले ही ये नेता अपने चहेते दुकानदारों के आगे खड़े होकर नपा कर्मियों की कार्रवाई से बचाते हुए नजर आए। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार होते हुए भी हमारी नहीं चलती।
वर्जन
नपा चेयरमैन अशोक कुच्छल ने कहा कि नगरपालिका शांतिपूवर्क कार्रवाई कर रही है। कुछ दुकानदार नहीं मान रहे। स्कूल बसें जाम में फंस जाती है। गर्मी में बच्चे बेहाल हो जाते हैं। अगर अतिक्रमण करने वाले नहीं सुधरे तो ठोस कार्रवाई की जाएगी।