पानीपत। कांग्रेस ने नगर निगम चुनाव के लिए मेयर प्रत्याशी तय कर लिया है। हालांकि पार्टी ने इसकी घोषणा देर शाम तक नहीं की। कांग्रेस नेताओं के अनुसार प्रत्याशी के नाम पर सभी नेताओं की सहमति बन चुकी है।
उनका नाम हरियाणा के प्रभारी बीके हरिप्रसाद के कार्यालय में भेजा जा चुका है। वह दिल्ली से बाहर हैं। इसलिए नाम की घोषणा सोमवार को हो सकती है। कांग्रेस पहली बार सिंबल पर निगम चुनाव लड़ने को उतरी है। हालांकि तीन बार बैठक बेनतीजा रही है।
उल्लेखनीय है कि भाजपा अपने सभी 26 वार्डों के लिए अपने प्रत्याशी उतार चुकी है। भाजपा ने चुनाव प्रचार भी शुरू कर दिया है। नाराज नेताओं को मनाया जा रहा है। जीत के लिए चुनावी समीकरण बनाए जा रहे हैं। भाजपा ने प्रत्याशी को जीत दिलाने की जिम्मेदारी अपने मंत्री कृष्ण लाल पंवार, महिपाल ढांडा, विधायक प्रमोद विज व मनमोहन भड़ाना को दी है।
वहीं कांग्रेस ने यह जिम्मेदारी अपने प्रदेश स्तरीय नेताओं को दी है। जिसमें भूपेंद्र हुड्डा, कुमारी शैलजा, दीपेंद्र हुड्डा, रणदीप सुरजेवाला व उदयभान शामिल हैं। यह सभी नेता नगर निगम चुनाव में अपने प्रत्याशियों के लिए वोट की अपील करते दिखेंगे।
वहीं दूसरी ओर आम आदमी पार्टी ने अपने स्थानीय नेताओं को भरोसा जताया है। पानीपत में नगर निगम चुनाव की जिम्मेदारी आप के जिला संयोजक सुरेंद्र अहलावत, जिलाध्यक्ष जसबीर जस्सा व सुखबीर मलिक पर रहेगी। आप ने अब तक अपने छह प्रत्याशियों की घोषणा नहीं की है। इनेलो-जजपा ने न तो बैठक की है और न ही अपने पत्ते खोले हैं।
जजपा प्रत्याशी रहे गंगाराम स्वामी भाजपा में शामिल ः नगर निगम चुनाव के बीच जजपा के समालखा से प्रत्याशी रहे गंगाराम स्वामी ने जजपा छोड़ दी। उन्होंने रविवार को अपने समर्थकों के साथ भाजपा ज्वाइन कर ली। सेक्टर छह स्थित भाजपा जिला कार्यालय में जिलाध्यक्ष दुष्यंत भट्ट ने उनको सदस्यता ग्रहण कराई। वहीं दूसरी ओर कांग्रेस के ओबीसी मोर्चा के पूर्व प्रदेश महासचिव मनोज जोगी ने भी कांग्रेस छोड़ भाजपा का दामन थाम लिया।
सोमवार को सूची जारी होने की संभावना : नगर निगम चुनाव के कोऑर्डिनेटर ओमबीर पंवार ने बताया कि कांग्रेस मजबूती से चुनाव लड़ेगी। किन्हीं कारणों से नाम की घोषणा बाकी है। नाम लगभग तय कर लिया गया है। सोमवार को सूची जारी होने की प्रबल संभावना है। सभी वर्गों व समीकरण को ध्यान में रखते हुए सूची तैयार की गई है।