पानीपत। प्रदेश भर में स्वास्थ्य विभाग ने शुक्रवार को निरोगी काया अभियान शुरू कर दिया है। जिले में तीन लाख से अधिक लोग मधुमेह से ग्रस्त हैं, वहीं हर चौथा व्यक्ति उच्च रक्तचाप से प्रभावित है।
इस अभियान के तहत स्वास्थ्य विभाग को 31 मार्च तक 442339 लोगों की जांच करनी है। प्रतिदिन 11058 लोगों की जांच करने का टारगेट दिया गया है।
उल्लेखनीय है कि अभियान के अंतर्गत मधुमेह, रक्तचाप व कैंसर के रोगी खोजे जाने हैं। जो लोग पहले से इन बीमारियों से ग्रस्त हैं, उनकी दोबारा स्क्रीनिंग होगी। रोगी मिलने पर उनका डाटा एनसीडी पोर्टल पर अपलोड किया जाना है। दो दिन में लगभग 21 हजार लोगों की जांच हो चुकी है। दो दिन में 35 बीपी व मधुमेह के रोगी मिले हैं। अभियान की नोडल अधिकारी उप सिविल सर्जन डॉ. शशि गर्ग हैं। चिकित्सकों के अनुसार जिले में तीन लाख से अधिक लोग मधुमेह से ग्रस्त हैं। हर चौथा व्यक्ति उच्च रक्तचाप से प्रभावित है। जिला नागरिक अस्पताल में ही पिछले नौ माह में 300 से अधिक ह्दय रोगी आ चुके हैं। कैंसर भी तेजी से बढ़ रहा है। हर तीसरा व्यक्ति रक्तचाप का मरीज है।
प्रदूषण के कारण कैंसर के रोगी भी बढ़े हैं। पानीपत के बड़ौली गांव स्थित एक निजी कैंसर मेडिकल कॉलेज में हर माह औसतन 50 लोगों की कीमो होती है। इतने बड़े स्तर पर बढ़ रही बीमारियों से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग ने यह विशेष शिविर लगाने की योजना बनाई है।
जिला नागरिक अस्पताल की डॉ. अन्नु ने बताया कि शहरी व ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष जांच शिविर लगाए जाएंगे। इसमें सभी बीमारियों की जांच होगी। जांच के बाद मिलने वाले मरीजों का जिला नागरिक अस्पताल में इलाज होगा।