पानीपत। ट्रांसपोर्ट नगर में शनिवार की रात युवक की हत्या कर शव फेंक दिया गया। हत्यारों ने पहचान छिपाने के लिए शव का चेहरा पत्थर कूंच दिया। रविवार सुबह खून से लथपथ शव मिलने के बाद सनसनी फैल गई। लोगों ने पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी। सेक्टर 11-12 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची। चेहरा कूंचा होने की वजह से शव की शनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस जांच में जुटी है।
रविवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे पुलिस कंट्रोल रूम से सूचना मिली कि सेक्टर-25 पार्ट 26 ट्रांसपोर्ट नगर में गंदे नाले के पास एक शव पड़ा हुआ है। घटनास्थल पर गंदे नाले के साथ झाड़ियों में शव पड़ा मिला। मृतक की आयु करीब 30 वर्ष है। चेहरे को पत्थर से कूंचा गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए सामान्य अस्पताल के शव गृह में रखवा दिया है। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर कार्रवाई शुरू दी है। कहा कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।