मॉडल टाउन क्षेत्र में निर्माणाधीन भवन में रविवार रात चौकीदार राजेंद्र की हत्या सिर्फ एक हजार रुपये के लिए की गई थी। यह खुलासा दूसरे चौकीदार पूर्ण सिंह ने पुलिस पूछताछ में किया। चौकीदार राजेंद्र की हत्या मामले में पुलिस ने शक के आधार पर दूसरे चौकीदार पूर्ण सिंह को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। पुलिस प्रवक्ता अनिल कुमार ने बताया कि रविवार रात को मॉडल टाउन क्षेत्र में एक निर्माणाधीन भवन में यूपी के जौनपुर के सरसरा गांव निवासी राजेंद्र तिवारी की गला दबा कर हत्या कर दी गई थी।
पूर्ण सिंह ने बनाई थी झूठी कहानी
पूर्ण सिह ने राजेंद्र हत्या के मामले में झूठी कहानी बनाई थी। उसने अपने मालिक को बताया था कि रात को करीब 1.30 बजे 7-8 लोगों ने आकर उस पर हमला कर दिया जिससे वो बेहोश हो गया। उसे जब होश आया तो उसने पीछे जाकर देखा तो राजेंद्र मृत हालत में जमीन पर पड़ा था। पुलिस ने मकान मालिक रोहित गर्ग की शिकायत पर अज्ञात लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू की थी। जिसमें रोहित गर्ग ने पूर्ण सिंह के बताए अनुसार पुलिस को शिकायत दी थी। लेकिन पुलिस ने पूर्ण सिंह के जिंदा बचने की कहानी को दूसरे एंगल से देखते हुए जब सख्ती से पूछताछ की तो पूर्ण सिंह ने मामले का खुलासा कर बताया कि उसका राजेंद्र सिंह के साथ एक हजार रुपये के लिए कई दिनों से विवाद चल रहा था। जिससे रविवार को उनकी कहा सुनी भी हुई थी। इसी ताव में आकर ही उसने राजेंद्र की हत्या कर दी।