पानीपत। थाना तहसील कैंप की देशराज कॉलोनी में तीन साल पहले हुई युवक की हत्या के मामले में आरोपी अब गवाहों को धमकी दे रहा है। जमानत पर बाहर आने पर आरोपी ने मृतक युवक के पिता को गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। जिसके बाद तहसील कैंप थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ 23 अप्रैल को मुकदमा दर्ज किया था।
शनिवार को पुलिस ने आरोपी को कॉलोनी से ही गिरफ्तार कर लिया। रविवार को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। तहसील कैंप थाना प्रभारी राजीव ने बताया कि अक्टूबर 2022 में देशराज कॉलोनी में दिनेश की पड़ोस में ही रहने वाले साधु बाबा ने अपने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर दी थी। पुलिस ने आरोपी साधु को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। कुछ समय पहले वह जमानत पर बाहर आया था। उसने बीते 22 अप्रैल को दिनेश के पिता सुखबीर को मुकदमे में गवाही देने पर जान से मारने की धमकी दी थी। सुखबीर ने 23 अप्रैल को तहसील कैंप थाने में साधु बाबा के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था।
उनका कहना था कि 22 अप्रैल को वह साधु के ताऊ रामफल के घर के बाहर अन्य व्यक्तियों के साथ बैठकर ताश खेल रहा था। साय करीब 4:30 बजे साधु वहां पर आया और शर्ट से चाकू निकालकर उसको धमकी दी की बेटे दिनेश के केस में गवाही दी तो जान से मार देगा। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी थी। शनिवार को पुलिस ने कॉलोनी से ही साधु को गिरफ्तार कर लिया है।