पानीपत। सनौली रोड मारबल मार्केट स्थित एक दुकानदार ने दुकान का 16 साल से प्रॉपर्टी टैक्स नहीं जमा कराया। निगम ने कई बार नोटिस भी दिए। इस तरह मारबल की दुकान का प्रॉपर्टी टैक्स करीब 82 लाख रुपये हो गया। नगर निगम ने अब दुकान को सील कर दिया है। निगम की इस बड़ी कार्रवाई के बाद दुकानदार की भी चिंता बढ़ गई है। वह सील खुलवाने के लिए इधर-उधर के चक्कर लगा रहा है।
नगर निगम ने राजस्व को बढ़ाने के लिए प्रॉपर्टी टैक्स के बड़े बकायादारों की सूची तैयार की है। निगम आयुक्त ने इसके लिए संयुक्त आयुक्त डाॅ. संजय की ड्यूटी लगाई है। उनके नेतृत्व में टीम सनौली रोड स्थित बबैल नाका के नजदीक पूजा मारबल की दुकान पर पहुंची। वहां करीब 82 लाख रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया मिला। टीम ने मारबल दुकानदार को इसके बारे में नोटिस दिया और अब उनको टैक्स जमा कराने की कही। उन्होंने इसमें आनाकानी शुरू की तो निगम अधिकारियों ने सख्ती दिखाई। अधिकारियों ने उनके दावों को खारिज कर टैक्स जमा न कराने पर दुकान को सील कर दिया।