पानीपत। वित्त वर्ष के अंतिम दिनों में नगर निगम और बिजली निगम में भंडार भर गया। दो दिन में करीब 15.45 कराेड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ। अब सोमवार को सभी कार्यालयों में अंतिम दिन सामान्य रूप से काम चलेगा। इनमें बिजली निगम को 15 करोड़ और नगर निगम को करीब 45.78 लाख रुपये का राजस्व मिला है।
बिजली निगम के सब अर्बन डिविजन के एक्सईएन आदित्य कुंडू ने बताया कि वित्त के अंतिम दिनों में लोगों की सुविधा को देखते हुए शनिवार और रविवार काे कार्यालय खुले रहे। बिजली कनेक्शन काटने और जाेड़ने की टीम कार्यालय में रही। बिल जमा कराने पर संबंधित उपभोक्ताओं के बिजली के कनेक्शन साथ ही साथ जाेड़े गए। शनिवार को करीब 60 लाख रुपये जमा हुए थे। दाे दिना में करीब 15 कराेड़ रुपये जमा हुए हैं।
नगर निगम के कैश काउंटर रविवार को भी खुले रहे। रविवार को दिनभर 125 शहरवासियाें ने 7.78 लाख रुपये का टैक्स जमा कराया। शनिवार काे करीब 38 लाख रुपये जमा हुए थे। निगम को दाे दिना में 45.78 लाख रुपए जमा हुए हैं। पूरे वित्तीय वर्ष को देखते तो अब तक प्राॅपर्टी टैक्स के रूप में निगम में 15.58 कराेड़ रुपये का राजस्व मिला है।
नगर निगम के आयुक्त डॉ. पंकज ने बताया कि प्राॅपर्टी टैक्स जमा कराने का सोमवार को अंतिम दिन है। लोगों को सरकार द्वारा दी छूट का लाभ लेना चाहिए। इसके बाद बकायादारों पर कार्रवाई की जाएगी।