पानीपत। बापौली थाना क्षेत्र के अंतर्गत बहरामपुर गांव के गेट के पास तेज रफ्तार पानी के टैंकर ट्रैक्टर चालक ने दो मोटरसाइकिलों को टक्कर मार दी। इसमें एक मोटरसाइकिल सवार एक युवक की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
जलमाना गांव निवासी गोविंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह शुक्रवार को किसी काम से मोटरसाइकिल पर छाजपुर गांव गया था। शाम को सात बजे वह छाजपुर से जलमाना गांव जा रहा था। इस दौरान बहरामपुर के पास बापौली की तरफ से आ रहे टैंकर ने आगे चल रही दो मोटरसाइकिल सवारों को टक्कर मार दी। दोनों मोटरसाइकिलों के सवार नीचे गिर गए। वह नजदीक पहुंचा तो उसने देखा उसका चचेरा भाई रविंद्र खून से लथपथ पड़ा है। उसने डायल 112 पर इसकी सूचना दी और उसको नजदीक के एक निजी अस्पताल में ले गए। जहां उसको मृत घोषित कर दिया। दूसरे घायल को पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया। पुलिस ने शनिवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। रविंद्र 32 दो बच्चें का पिता था और एक कंपनी में नौकरी करता था। वह 10 दिन पहले ही एक बेटे का पिता बना है। उससे बड़ी डेढ़ साल की बेटी है।