संवाद न्यूज एजेंसी
सनौली। सनौली खुर्द से नवादा जाने वाले रोड पर श्याम गार्डन के पास एक तेज रफ्तार कार चालक ने दो बाइकों को टक्कर मार दी। इस हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। मां ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था, जबकि बेटे की उपचार के दौरान मौत हो गई। दो बेटे और बहू घायल हैं। उनका शहर के एक निजी अस्पताल में उपचार चल रहा है।
हादसे के बाद गुस्साए ग्रामीणों ने थाना सनौली पर हंगामा किया। महिला के चौथे बेटे की शिकायत पर पुलिस ने कार चालक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पुलिस ने कार को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
जलालपुर-प्रथम गांव के अजय ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह बुधवार शाम को अपने भाई प्रदीप, कुलदीप, संदीप, मां संतरा, प्रदीप की पत्नी आरती के डेढ़ साल के बेटे प्रियांशु को दवा दिलाने के लिए नवादा-आर गांव गए थे। वे देर रात को दो बाइकों से घर लौट रहे थे।
इस दौरान सनौली-नवादा रोड पर श्याम गार्डन के पास सामने से आ रहे तेज रफ्तार कार चालक ने कुलदीप और प्रदीप की बाइक को टक्कर मार दी। इस हादसे में वह सभी घायल हो गए। घायलों को सिवाह स्थित एक निजी अस्पताल में ले जाया गया। जहां पर चिकित्सकों ने मां संतरा (57) को मृत घोषित कर दिया।
वहीं संदीप, प्रदीप, कुलदीप और आरती को अस्पताल में भर्ती कर लिया गया। दोपहर के बाद संदीप की भी मौत हो गई। हादसे की सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए हैं और अजय की शिकायत पर थाना सनौली पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।