पानीपत। पुराना औद्योगिक थाना क्षेत्र के गंगाराम कॉलोनी में हुई महिला ऊषा की हत्या के मामले में नया मोड़ आया है। यूपी के शाहजहांपुर के रहने वाले ऊषा के परिजनों ने उसका शव लेने से इन्कार कर दिया। पुलिस ने मां और भाई से फोन पर संपर्क किया था।
परिजनों के इंकार करने के बाद पुलिस ने पूर्व पति के परिजनों व पड़ोसियों को बुलाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। साथ ही जन सेवा दल की मदद से शव का अंतिम संस्कार कराया। उधर, पुलिस हत्याकांड का खुलासा करने में जुटी है। पुलिस की तीन टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
शुक्रवार को गंगाराम कॉलोनी में किराये के मकान में रहने वाली ऊषा की गला रेतकर हत्या कर दी गई थी। ऊषा के साथ रहने वाले लिव इन पार्टनर महेंद्र पर ही हत्या करने आरोप लगे थे। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी थी। पुलिस जांच में पता चला की ऊषा मूल रूप से यूपी के शाहजहांपुर जिले की रहने वाली थी। इसके बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराने के लिए मृतका के परिजनों से संपर्क किया। लेकिन, मृतका के भाई और मां ने फोन पर बताया कि उससे हमारा कोई नाता नहीं है और उन्होंने शव लेने से इंकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने मृतका के पूर्व पति अशोक कुमार के परिजनों की तलाश की और उन्हें लेकर जिला नागरिक अस्पताल में पहुंची।
जहां पर उन्होंने भी शव को लेने से इंकार कर दिया। बाद में समझाने के बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई। इसके बाद जनसेवा दल की मदद से मृतका के शव का अंतिम संस्कार कर दिया। पुराना औद्योगिक थाना प्रभारी देवेंद्र सिंह ने बताया कि मृतका के परिजनों से फोन पर बात हुई थी। उन्होंने पानीपत आकर पोस्टमार्टम और अंतिम संस्कार कराने से इंकार कर दिया था। जिसके बाद पुलिस ने जनसेवा दल की मदद से मृतका के शव का पोस्टमार्टम कराकर अंतिम संस्कार करा दिया है।
आरोपी की तलाश में पुलिस, कई स्थानों पर दबिश : ऊषा की हत्या करने के आरोप उसी के लिव इन पार्टनर महेंद्र पर हैं। महेंद्र मूल रूप से यूपी के शाहजहांपुर जिले का रहने वाला है और पूर्व पति अशोक कुमार के गांव से ही था। पुलिस आरोपी की तलाश में जुट गई है।