राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल का निरीक्षण करते पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज। स्रोत : सोशल मीडिया
पानीपत। पानीपत शहरी विधायक प्रमोद विज ने शनिवार को राजकीय मॉडल संस्कृति वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के 13.46 करोड़ रुपये की लागत से बने बहुमंजिला भवन का निरीक्षण किया। इस दौरान जिला शिक्षा अधिकारी राकेश बूरा से विद्यालय भवन में दी जा रही नई सुविधाओं के बारे में जानकारी ली। इस स्कूल में करीब तीन हजार विद्यार्थी सीबीएसई से हिंदी व अंग्रेजी में पढ़ रहे हैं। यह स्कूल दो शिफ्ट में चल रहा है। नगर निगम जेई अजय छौक्कर के साथ निरीक्षण के दौरान उन्होंने मौजूद अध्यापकों और अभिभावकों से नए भवन में चल रही कक्षाओं के बारे में ली प्रतिक्रिया।
विधायक प्रमोद विज ने कहा कि केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) संबद्ध यह जिले का पहला मॉडल संस्कृति विद्यालय है। जहां जिलेभर से करीब तीन हजार विद्यार्थी शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू अप्रैल 2021 में हुआ था। जिला शिक्षा अधिकारी बूरा ने विद्यालय के बारे में विस्तार से बताया। इसके साथ जीटी रोड और असंध रोड पर लगने गेट के साथ खेल मैदान के सुंदरीकरण की मांग रखी। इसके साथ स्कूल में आने वाले रास्ते, प्रार्थना मैदान को पक्का कराने और भवन की चहारदीवारी का निर्माण कराने की मांग की।
विधायक ने इस बारे में मुख्यमंत्री से मिलकर कार्य पूर्ण करवाने का आश्वासन दिया। विधायक प्रमोद विज ने कहा कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी शिक्षा के साथ अन्य क्षेत्रों में विकास कार्यों को लेकर बेहतर काम कर रहे हैं। प्रदेश सरकार स्कूलों में बेहतर सुविधा उपलब्ध करा रही है। इससे प्रदेश में शिक्षा का स्तर ऊपर उठ रहा है।
स्कूल में ये हैं सुविधा
राजकीय मॉडल संस्कृति स्कूल के नए भवन पर 13.46 करोड़ रुपये की लागत आई है। इस भवन में हवादार कमरे, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के ऑडिटोरियम, कंप्यूटर व विज्ञान प्रयोगशाला, स्मार्ट क्लास रूम व खेल मैदान सहित अन्य सुविधा उपलब्ध हैं।