सनौली। सनौली खुर्द पुलिस थाना क्षेत्र के एक गांव में शुक्रवार दोपहर को बाइक सवार दो बदमाशों ने चौथी कक्षा की छात्रा के अपहरण का प्रयास किया। दोनों पकड़े जाने के डर से बच्ची को कुछ दूरी पर छोड़कर भाग गए।
बताया जा रहा है कि लड़की के पास युवकों ने अपनी बाइक रोकी और पीछे बैठे युवक ने लड़की को पकड़कर बाइक पर बीच में बैठा लिया और बाइक की गति तेज कर दी। बाइक सवार युवक गांव से निकल कर खेतों के कच्चे रास्ते से होते हुए यमुना के तटबंध की तरफ लड़की को लेकर जा रहे थे। उसी दौरान लड़की ने खेतों में किसानों को देखकर चिल्लाना शुरू कर दिया और खेतों में किसानों को देखकर आरोपी युवक लड़की को कच्चे रास्ते में ही छोड़कर फरार हो गए। वहीं लड़की अपने घर पहुंची और सारे मामले की परिजनों को जानकारी दी। उसके उपरांत लड़की के पिता ने सनौली खुर्द पुलिस थाना में जाकर नाबालिग लड़की के अपहरण की शिकायत दी। सनौली थाना पुलिस इस मामले में गांव में सीसीटीवी कैमरे खंगाल रही है लेकिन फोटो ज्यादा साफ नहीं आ रही है।
सनौली खुर्द थाना प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि लड़की के पिता की शिकायत पर कार्रवाई की जा रही है। गांव व आसपास के सीसीटीवी कैमरे खंगाले जा रहे है और आरोपियों की पहचान को लेकर सभी प्रयास किए जा रहे है। जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा।