इसराना। महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने सोमवार को इसराना में महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। इसके बाद मंत्री ने यहां मिली अनियमितताओं की जांच कराने और उसमें दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश भी दिए। इसके साथ ही उन्होंने खराब राशन वितरण में लापरवाही की अनियमितताओं की जांच के भी निर्देश दिए।
सोमवार को कुंडली जाते समय महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने इसराना महिला एवं बाल विकास परियोजना अधिकारी कार्यालय का औचक निरीक्षण करने का निर्णय लिया। उन्होंने हाजिरी जांचने के बाद राशन स्टॉक के वितरण के बारे में जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने कई आंगनबाड़ी केंद्रों पर खराब राशन वितरण होने की शिकायत के बारे में पूछा तो मौके पर मौजूद सुपरवाइजर जवाब नहीं दे पाई। मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि खराब राशन की आपूर्ति होना दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने इसकी पूरी जांच करवाकर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों पर राशन वितरण में बरती जाने वाली लापरवाही और लाभार्थियों को खराब राशन देने को सहन नहीं किया जाएगा। उन्होंने मौके पर ही आंगनबाड़ी केंद्र के राशन के संबंध में तत्काल जांच करवाने और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई करने के आदेश दिए हैं।