पानीपत। पिछले छह दिन से कोरोना के रोगियों की संख्या में एकाएक गिरावट आई है। शुक्रवार को 21 दिन बाद कोरोना के सबसे कम 71 केस मिले हैं। शुक्रवार को कोरोना पॉजिटिविटी रेट 4.5 प्रतिशत रहा है। इससे पहले सात जनवरी को कोरोना के 65 केस मिले थे।
शुक्रवार को नए रोगियों में 16 वर्ष से कम आयु के 12 बच्चे शामिल हैं। छह दिन से 123 की औसत से कोरोना के रोगी मिल रहे हैं, जबकि 257 की औसत से कोरोना के रोगी ठीक हो रहे हैं। शुक्रवार को भी 256 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं। जिले में अब कोरोना के एक्टिव केस की संख्या 1191 है। इनमें से 1188 रोगी होम आइसोलेशन में है। पिछले छह दिनों में 1542 लोग कोरोना से ठीक हुए हैं।
कोरोना के रोगियों की संख्या में आ रही गिरावट से स्वास्थ्य विभाग थोड़ी राहत की सांस जरूर ले रहा है, लेकिन लगातार घट रही सैंपलिंग की संख्या से चिंता बढ़ रही है। शुक्रवार को महज 885 लोगों ने अपनी कोरोना जांच कराई है। अब तक जिले में 5,03,629 लोग अपनी जांच करवा चुके हैं। जिले का रिकवरी रेट फिलहाल 94.3 प्रतिशत है। जिले में कोरोना के रोगियों की संख्या 35,440 हो चुकी है।
कोरोना संक्रमित सभी सरकारी डॉक्टर हुए स्वस्थ
कोरोना की तीसरी लहर में अब तक सरकार व निजी 29 डॉक्टर कोरोना की चपेट में आए हैं। इनमें सरकारी डॉक्टरों की संख्या 21 है। पांच सरकारी स्वास्थ्य केंद्रों के प्रभारी भी कोरोना संक्रमित हो गए थे। अब सभी सरकारी डॉक्टर कोरोना से ठीक हो चुके हैं। सिविल अस्पताल में नेत्र व हड्डी रोग की ओपीडी भी शुरू हो चुकी है।
बूस्टर (प्रिकॉशन) डोज लेने में लापरवाही
10 जनवरी से स्वास्थ्य कर्मचारियों व फ्रंटलाइन वर्कर के लिए बूस्टर (प्रिकॉशन) डोज देने का अभियान शुरू किया गया था। 19 दिन में महज 3794 कर्मचारियों ने यह डोज ली है, जो कुल संख्या का 21.6 प्रतिशत है। जिले में कुल स्वास्थ्य कर्मचारी व फ्रंटलाइन वर्कर साढ़े 17 हजार हैं। पहले दो दिन में ही 15-17 आयु वर्ग के 45 प्रतिशत पात्रों को कवर करने वाला स्वास्थ्य विभाग 26 दिन में 81.2 प्रतिशत पात्रों को टीके की पहली खुराक दे पाया है। स्वास्थ्य विभाग अब जिले में पात्रों की संख्या के मुकाबले 110.5 प्रतिशत लोगों को टीके की पहली डोज दी है। 70 प्रतिशत लोगों का दोनों डोज का कोर्स पूरा हो चुका है।
15-18 आयु वर्ग: 47,432 को पहली डोज
18- 44 आयु वर्ग: 10,61,825 को पहली डोज
18- 44 आयु वर्ग: 6,88,116 को दूसरी डोज
प्रिकॉशन डोज- 3794
कोरोना के केस में कमी लेकिन जागरूकता न छोड़े- डॉ. सुनील
कोरोना के केस में पिछले दिनों कमी आई है। अब नए केस की संख्या से दोगुने लोग कोरोना से ठीक हो रहे हैं। लोगों से अपील है कि वो लापरवाही न बरतें कोविड के नियमों का पालन करें। - डॉ. सुनील संदुजा, डिप्टी सिविल सर्जन