पानीपत में दिल्ली मेट्रो में बतौर ठेकेदार कार्यरत चंदन सिंह के सेक्टर-13/17 स्थित मकान में नकदी और ज्वेलरी (करीब सात लाख की) चोरी हो गई।
पुलिस सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची। पुलिस शिकायत नहीं मिलने की बात कहकर पल्ला झाड़ रही है। ठेकेदार परिवार समेत शादी के बाद पहली छठ पूजा पर अपनी ससुराल गया था। तीन दिन बाद घर लौटने पर सारा सामान बिखरा मिला।
थाना शहर के अंतर्गत सेक्टर-13/17 में बंद मकान में चोरी की वारदात छह से नौ नवंबर के बीच हुई। चंदन सिंह दिल्ली मेट्रो में ठेकेदार था। वह शनिवार को छठ पूजा के बाद ससुराल से लौटा तो मकान का सारा सामान बिखरा मिला।
उसने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। चंदन सिंह ने बताया कि वह भागलपुर, बिहार का रहने वाला है और उसकी शादी के बाद पहली छठ पूजा थी। वह अपने परिवार के सदस्यों के साथ छह नवंबर को अपनी ससुराल गया था।
वह शनिवार को दोपहर बाद आया और मेन गेट खोलकर अंदर पहुंचा। उसको मकान में जाली वाला गेट खुला मिला। वह मकान में आगे बढ़ा तो सारा सामान बिखरा था और मकान में अंधेरा छाया था। उसने चोरों के अंदर होने की आशंका हुई और वह बाहर निकलकर चिल्लाने लगा।
उसके चिल्लाने की आवाज सुनकर पास पड़ोस के लोग पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। चंदन सिंह ने बताया कि चोर उसके मकान से 72 हजार रुपये नकद और 20 तोले सोने के गहने पर हाथ साफ कर गए।
पीछे से चादर के सहारे कूदे
चंदन सिंह ने बताया कि उसके मकान के दूसरे तल पर चोरों ने चार अलमारी और बेड से सामान को बाहर फेंक रखा था। मकान के पिछली तरफ नल के साथ चादर बंधी मिली। उसने शंका जताई की चोर यहीं से पीछे कूदकर निकल गए थे।
वर्जन
सेक्टर-13/17 स्थित एक मकान में चोरी होने की सूचना मिली थी। पुलिसकर्मी सूचना पाकर मौके पर पहुंचे थे। लेकिन पुलिस को चोरी की कोई शिकायत नहीं मिली है। पुलिस को कोई शिकायत मिलती है तो जांच कर चोरों को पकड़ने का प्रयास किया जाएगा।
प्रेम सिंह, प्रभारी, चौकी सेक्टर-6/7 पानीपतं