संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने एनएफएल के नजदीक विकास नगर की गली नंबर-11 स्थित एक मकान से एक डिकॉय की मदद से गर्भपात का भंडाफोड़ किया है। विभाग की टीम ने एक दाई को गर्भपात करते रंगे हाथों पकड़ा है। डिकॉय को गोहाना रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम की चिकित्सक के बताने पर एजेंट विकास नगर लेकर आया था। विभाग ने आरोपी दाई को पुलिस को सौंप दिया है। सेक्टर-29 थाना पुलिस में दाई, एक व्यक्ति और गोहाना रोड स्थित नर्सिंग होम की चिकित्सक के खिलाफ लिखित शिकायत दी है। पुलिस ने इसमें एमटीपी, बीएनएस व एनएमसी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है।
सीएमओ डॉ. विजय मलिक को सूचना मिली थी कि गोहाना रोड के आसपास कुछ लोग अवैध रूप से गर्भपात कर रहे हैं। उन्होंने पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. अभिनंदन वत्स, पीएनडीटी के नोडल अधिकारी डॉ. ललित कुंडू, गायनोलॉजिस्ट डॉ. साक्षी गुप्ता, जिला आयुर्वेदिक अधिकारी और ड्रंग कंट्रोल अधिकारी विजय राजे की टीम गठित की। टीम ने नौ महीने की एक महिला से डिकॉय बनाने के लिए संपर्क किया। सीएमओ ने पहचान देकर 12 हजार रुपये दिए। इनमें 500-500 के नोट थे। डिकॉय गोहाना रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम में पहुंची। यहां चिकित्सक ने उनको गर्भपात कराने से मना कर दिया।
आरोप हैं चिकित्सक ने बताया कि एक अन्य व्यक्ति गर्भपात करा देगा। उन्होंने उक्त व्यक्ति के बारे में बताया। उक्त व्यक्ति ने उनको सोमवार शाम सवा पांच बजे गोहाना रोड पर बुलाया। उक्त व्यक्ति ने महिला को अपने पीछे-पीछे चलने की बात कही। महिला डिकॉय अपनी स्कूटी पर उक्त व्यक्ति की मोटरसाइकिल के पीछे-पीछे चली गई। उसे विकास नगर गली नंबर-11 स्थित दाई सुदेश से मिलवाया। वहीं स्वास्थ्य विभाग की टीम भी पीछे-पीछे पहुंच गई। दाई सुदेश ने महिला का गर्भपात करना शुरू किया तो उसी समय टीम इशारा पाकर पहुंच गई। टीम ने दाई सुदेश को मौके से पकड़ लिया। सेक्टर-29 थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची। पुलिस ने दाई सुदेश को हिरासत में ले लिया।
विकास नगर में दाई सुदेश को गर्भपात करते पकड़ा है। डिकाॅय को यहां गोहाना रोड स्थित जीवन ज्योति नर्सिंग होम की एक चिकित्सक के बताने पर एजेंट लेकर आया था। विभाग ने दाई सुदेश, नर्सिंग होम की चिकित्सक और एजेंट के खिलाफ पुलिस में लिखित शिकायत दी है।
- डॉ. विजय मलिक, सीएमओ
पुलिस को स्वास्थ्य विभाग से एक दाई सुदेश, जीवन ज्योति नर्सिंग होम की चिकित्सक और एक व्यक्ति के खिलाफ शिकायत मिली है। पुलिस ने इसमें मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस जांच में चिकित्सक और व्यक्ति का पता लगाएगी।
- अनिल कुमार, प्रभारी, थाना पुलिस सेक्टर-29