समालखा। मिड डे मील कार्यकर्ता यूनियन के बैनर तले कार्यकर्ता पांच जून को देवीलाल पार्क में इकट्ठे होकर शिक्षा मंत्री महिपाल ढांडा के आवास पर मांगों के लिए ज्ञापन देंगी। इस रैली की तैयारी प्रदेश स्तर पर की जा रही है। रैली में बड़ी संख्या में मिड डे मील कार्यकर्ता शामिल होंगी।
महासचिव कुसुम पांचाल ने जानकारी देते हुए बताया कि उनकी विशेष मांगे सरकारी कर्मचारी का दर्जा देने, प्रांत में घोषित न्यूनतम वेतन देने, मिड डे मील कार्यकर्ता को रिटायरमेंट पर पांच लाख रुपये राशि देने, दस माह की बजाय 12 माह का मानदेय देने, ड्रेस के तीन हजार रुपये सालाना देने की मांगें उठाई जाएंगी। कुछ दिन पहले ही यूनियन की महासचिव कुसुम पांचाल को नौकरी से निकाल दिया है। पट्टीकल्याणा गांव में मात्र एक किलो दाल 75 बच्चों के लिए बहुत कम है। दूसरे स्कूलों में दलिये में दूध दिया जाता है। स्कूल के बच्चों को भी दूध मिलना चाहिए। ऐसी बात कहने से ही उसने अधिकारियों को गलत जानकारी देकर यूनियन महासचिव को नौकरी से निकाल दिया है। इन हालात में अपनी मांगों को उठाने के लिए आंदोलन ही एकमात्र रास्ता है। इस संबंध में हम अधिकारियों से मिल चुकी हैं। आश्वासन के अलावा कोई समाधान नहीं हो पाया है। पांच जून की सभा को एआईयूटीयूसी के राज्य प्रधान कॉमरेड राजेंद्र सिंह, मास्टर सूबे सिंह, हरिप्रकाश, ईश्वर सिंह राठी व अन्य यूनियन की राज्य प्रधान राजबाला संबोधित करेंगे।