आर्य समाज में भजन करते कलाकार। संवाद
- आर्य समाज बड़ा बाजार में 139वें वार्षिक महोत्सव पर किया यज्ञ
संवाद न्यूज एजेंसी
पानीपत। आर्य समाज बड़ा बाजार के तत्वावधान में रविवार को 139 वें वार्षिक महोत्सव का आयोजन किया गया। यह पंडित रतिराम वाटिका में हुआ। महोत्सव में वैदिक एवं मर्मज्ञ आचार्य वीरेंद्र विक्रम और जलालाबाद उत्तर प्रदेश से देवव्रत शास्त्री ने भजनोपदेश दिए। महोत्सव का शुभारंभ सुबह यज्ञ से हुआ। यज्ञ ब्रह्मा हिमांशु शास्त्री ने करवाया।
प्रधान अजय गर्ग ने बताया कि महोत्सव का शुभारंभ सुबह नौ बजे यज्ञ से हुआ। कार्यक्रम उनकी और मंत्री वीरेंद्र गुप्ता व कोषाध्यक्ष संजय शिंगला की देखरेख में हुआ। सुबह का कार्यक्रम दोपहर 12 बजे तक चला। उसके बाद कार्यक्रम दोपहर तीन बजे शुरू हुआ जो शाम छह बजे तक चला। कार्यक्रम में भजन, उपदेश दिए गए।
भजनोपदेश वैदिक एवं मर्मज्ञ आचार्य वीरेंद्र विक्रम और जलालाबाद उत्तर प्रदेश से देवव्रत शास्त्री रहे जिन्होंने भजनों के माध्यम से श्रद्धालुओं को जीवन को सुखमय व्यतीत करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि लोगों को दूसरों के दुख में स्वयं का सुख नहीं खोजना चाहिए। जीवन में सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ना चाहिए और दूसरों की मदद करनी चाहिए। सामाजिक दायित्व को समझते हुए दूसरे व्यक्तियों, जीवों की मदद करने से जो सुख मिलता है वह कहीं दूसरी वस्तु में नहीं मिल सकता। इसलिए जीवन में दूसरों की मदद करते हुए आगे बढ़ना चाहिए। क्योंकि जरूरत पड़ने पर दवा से ज्यादा दुआ काम आती है। मृत्यु के समय व्यक्ति के साथ कुछ नहीं जाता। यदि कुछ जाता है तो वह उसके द्वारा जीवन में कमाई हुई अच्छाई या बुराई। इसलिए जीवन में अच्छाई की भावना रखते हुए काम करना चाहिए। सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। कार्यक्रम के समापन पर लंगर बरताया गया जिसमें सभी ने ऋषि का प्रसाद चखा। इस अवसर पर सुनीता शिंगला, शालिनी अग्रवाल, निशा शिंगला उपस्थित रही।
आर्य समाज में भजन करते कलाकार। संवाद